महाशिवरात्रि मेले में बिछड़ा बच्चा सिविल डिफेंस ने परिवार से मिलाया

भीड़ में खोए चार वर्षीय बालक को टीम ने सुरक्षित ढूंढकर पिता को सौंपा

 | 
Civil Defence team in Udaipur reuniting a lost child with his father at the Mahashivratri fair

उदयपुर 16 फरवरी 2026 - महाशिवरात्रि के पर्व पर आयोजित मेले में सोमवार को सिविल डिफेंस की टीम ने तत्परता दिखाते हुए भीड़ में बिछड़े चार वर्षीय बच्चे को उसके परिवार से मिलाया। जानकारी के अनुसार मेले के दौरान एक बच्चा अपने परिजनों से बिछड़ गया था। इसकी सूचना मिलते ही सिविल डिफेंस के जवान तुरंत सक्रिय हुए और बच्चे की तलाश शुरू की।

टीम ने भीड़भाड़ के बीच लगातार खोजबीन कर बच्चे को सुरक्षित ढूंढ निकाला। बाद में बच्चे को उसके पिता कैलाश गमेती निवासी एकलिंगजी सरे के सुपुर्द कर दिया गया। अपने खोए हुए पुत्र को वापस पाकर परिवार ने राहत की सांस ली और सिविल डिफेंस टीम का आभार जताते हुए जवानों की लंबी उम्र की कामना की। उल्लेखनीय है कि तीन वर्ष पूर्व भी महाशिवरात्रि मेले के दौरान सिविल डिफेंस टीम ने एक खोए हुए बच्चे को उसके माता-पिता से मिलाया था। इस बार भी टीम ने संवेदनशीलता और मुस्तैदी का परिचय दिया। टीम में चालक मोहन सिंह राणावत, गोताखोर नरेश चौधरी और दिनेश गमेती सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News