गैस सिलेंडर ब्लास्ट में झुलसी मासूम की मौत
माता-पिता और बहन की हालत गंभीर
उदयपुर 30 सितंबर 2025। कुराबड़ क्षेत्र के बोरी गांव में 28 सितंबर रविवार रात हुए गैस सिलेंडर ब्लास्ट में गंभीर रूप से झुलसी छह वर्षीय मासूम मोनिका ने सोमवार देर रात इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में बच्ची के माता-पिता और बहन भी गंभीर रूप से झुलस गए हैं और एमबी अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती हैं।
जानकारी के अनुसार, बोरी गांव निवासी शंकरलाल मीणा (45) के घर किचन में रातभर सिलेंडर से गैस रिसाव होता रहा। सोमवार सुबह शंकरलाल की पत्नी गीता (40) जब किचन में चाय बनाने गई और गैस जलाने की कोशिश की तो अचानक सिलेंडर धमाके के साथ फट गया। गीता धमाके के साथ बाहर आ गिरी, जबकि आग की चपेट में शंकरलाल, उनकी पत्नी गीता और दोनों बेटियां लोगरी (9) और मोनिका (6) बुरी तरह झुलस गए।
पड़ोसियों ने किसी तरह आग पर काबू पाकर घायलों को तुरंत एमबी अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया। इलाज के दौरान मासूम मोनिका ने सोमवार देर रात दम तोड़ दिया। कुराबड़ थाना एएसआई ईश्वरलाल ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।
फिलहाल मां गीता, पिता शंकरलाल और बड़ी बेटी लोगरी गंभीर हालत में अस्पताल में उपचाराधीन हैं।
