Rajsamand: 200 दिन से स्कूल नहीं गए शिक्षक के बच्चे

शिक्षक की पत्नी ने स्कूल की अव्यवस्थाओं पर उठाए थे सवाल, अब पूरा परिवार झेल रहा मानसिक प्रताड़ना

 | 
rajsamand

राजसमंद 26 अगस्त 2025 । ज़िले के सरकारी विद्यालय जेवरिया में एक शिक्षक की पत्नी द्वारा स्कूल की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाना अब पूरे परिवार पर भारी पड़ गया है। महिला के अनुसार, बीते 200 दिनों से उसके दो बच्चे स्कूल नहीं जा पाए हैं, क्योंकि जब उसने स्कूल में पढ़ाई की गुणवत्ता और भोजन व्यवस्था में अनियमितताओं को लेकर आवाज उठाई, तो उसे और उसके परिवार को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।

पीड़िता ने बताया कि वह बीते 4 वर्षों से लगातार जिला कलेक्ट्री, पुलिस स्टेशन और अन्य प्रशासनिक कार्यालयों के चक्कर काट रही है, लेकिन अब तक उसे न्याय नहीं मिला है। महिला का आरोप है कि विद्यालय में बच्चों से खाना बनवाया जाता है, और मिड-डे मील योजना में घोटाले भी किए जा रहे हैं।

सबसे हैरानी की बात यह है कि इतने लंबे समय तक बच्चों के स्कूल नहीं आने पर भी विद्यालय प्रशासन की ओर से कोई नोटिस या कार्रवाई नहीं की गई। यह सवाल उठाता है कि क्या शिक्षा विभाग ऐसी गंभीर अनियमितताओं पर आंखें मूंदे हुए है?

महिला का कहना है कि शिक्षक होने के बावजूद उसके पति को भी प्रिंसिपल और स्टाफ की ओर से मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है, जिससे पूरा परिवार तनाव में है।

आज एक बार फिर पीड़िता ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा और न्याय की गुहार लगाई है। महिला का कहना है कि जब तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती, वह चुप नहीं बैठेगी।

अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेकर कोई ठोस कदम उठाता है या फिर यह मामला भी फाइलों में दब कर रह जाएगा। शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इस विषय में कमेटी बिठाकर जांच कर ली जाएगी।