Chittorgarh: 164 जब्त व लावारिस वाहन नीलाम, 85 लाख रुपये से अधिक का राजस्व
चित्तौड़गढ़ पुलिस की बड़ी वाहन नीलामी
चित्तौड़गढ़, 17 अप्रैल 2026
1.164 जब्त व लावारिस वाहन नीलाम, 85 लाख रुपये से अधिक का राजस्व
ऑपरेशन त्रिनेत्र’ : चित्तौड़गढ़ पुलिस की बड़ी वाहन नीलामी।
जिला पुलिस चित्तौड़गढ़ द्वारा ऑपरेशन त्रिनेत्र के अंतर्गत जब्त एवं लावारिस वाहनों की बड़ी सार्वजनिक खुली नीलामी सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
नीलामी में 164 वाहन शामिल किए गए, जिनसे सरकारी राजकोष को 85 लाख रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ। इस नीलामी में मादक पदार्थों की तस्करी में जब्त 26 वाहन तथा पुलिस अधिनियम के अंतर्गत जब्त 138 वाहन सम्मिलित थे। संपूर्ण प्रक्रिया सक्षम प्राधिकारी की अनुमति से पूर्ण पारदर्शिता, खुली प्रतिस्पर्धात्मक बोली एवं नियमानुसार आयोजित की गई। जिला पुलिस अधीक्षक श्री मनीष त्रिपाठी ने बताया कि वर्षों से पुलिस थानों एवं चौकियों में खड़े लावारिस, अनुपयोगी एवं निस्तारण योग्य दोपहिया, तिपहिया एवं चारपहिया वाहनों का विधिसम्मत निस्तारण इस नीलामी के माध्यम से किया गया। नीलामी से पूर्व वाहनों की सूची सार्वजनिक कर बोलीदाताओं को भौतिक निरीक्षण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।
शुक्रवार को निम्बाहेड़ा स्थित वंडर सीमेंट टाउन हॉल में आयोजित नीलामी में बड़ी संख्या में आमजन एवं कबाड़ व्यवसायियों ने भाग लिया। खुली बोली प्रक्रिया के तहत प्रत्येक वाहन उच्चतम बोलीदाता को नीलाम किया गया। संपूर्ण कार्रवाई संबंधित अधिकारियों की निगरानी में संपन्न हुई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) श्रीमती सरिता सिंह ने बताया कि ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत आयोजित इस नीलामी से 85 लाख रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ है। इस नीलामी से पुलिस परिसरों में वर्षों से खड़े वाहनों का स्थायी समाधान हुआ है, जिससे स्थान की समस्या दूर होने के साथ-साथ प्रशासनिक कार्यप्रणाली अधिक सुव्यवस्थित हुई है। साथ ही खुले में खड़े वाहनों से उत्पन्न पर्यावरणीय एवं सुरक्षा संबंधी समस्याओं से भी राहत मिली है।
जिला पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस प्रकार की नीलामी कार्रवाइयाँ नियमित रूप से, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ जारी रहेंगी।
2.उर्वरक की काला बाजारी व जमाखोरी रोकने हेतु विशेष अभियान जारी अनियमितता पाए जाने पर प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कार्रवाई
जिले में उर्वरक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा यूरिया की काला बाजारी एवं जमाखोरी पर प्रभावी नियंत्रण हेतु विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत विभिन्न उर्वरक विक्रेताओं एवं सहकारी समितियों का निरीक्षण कर नियमों की पालना सुनिश्चित की जा रही है। इसी क्रम में सहायक निदेशक कृषि, चित्तौड़गढ़, कृषि अधिकारी (प्रशिक्षण) एवं कृषि अधिकारी (फसल) द्वारा "मिलकर चलो" फार्मर्स प्रोड्यूसर कम्पनी लिमिटेड, कल्याणपुरा (निम्बाहेड़ा) के विक्रय परिसर का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान पर मूल्य सूची एवं स्टॉक रजिस्टर निर्धारित प्रारूप में संधारित नहीं पाए जाने पर उर्वरक अनुज्ञापत्र के निलंबन की अनुशंसा की गई। कृषि अधिकारी (पौध संरक्षण) द्वारा मैसर्स लढ़ा ट्रेडर्स, निम्बाहेड़ा एवं कृष्णा ट्रेडर्स, कनेरा के निरीक्षण में ऑफ-सीजन में यूरिया वितरण किए जाने पर संबंधित फर्मों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है। इसके अतिरिक्त सहायक निदेशक कृषि (विस्तार), चित्तौड़गढ़ एवं कृषि अधिकारी (फसल) द्वारा ग्राम सेवा सहकारी समिति, गादोला के निरीक्षण में स्टॉक रिकॉर्ड एवं दस्तावेज पूर्ण नहीं पाए जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
3.गर्मी में गौवंश की बेहतर देखभाल के निर्देश
व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने पर जोर जिला कलक्टर ने साँवलियाजी मंदिर मंडल गौशाला का किया निरीक्षण, बोर्ड बैठक में भी लिया भाग
जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने शुक्रवार को मण्डफिया स्थित सांवलियाजी मंदिर परिसर में मंदिर मंडल द्वारा संचालित गौशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गौवंश के लिए की गई व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि भीषण गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए गौशाला में पर्याप्त छाया, स्वच्छ पेयजल, उचित वेंटिलेशन (हवा-पानी) तथा चारे की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि पशुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। जिला कलक्टर ने गौशाला प्रबंधन द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि गौसेवा हमारी संस्कृति और संवेदनशीलता का प्रतीक है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नियमित निगरानी के साथ व्यवस्थाओं को और अधिक बेहतर बनाया जाए तथा पशुओं के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखा जाए।
निरीक्षण के पूर्व जिला कलक्टर ने सांवलियाजी मंदिर मंडल की बोर्ड बैठक में भाग लिया। बैठक में मंदिर विकास, श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने को लेकर विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। इस अवसर पर मंदिर मंडल अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव, विधायक एवं सदस्य अर्जुनलाल जीनगर, मंदिर मंडल के सीईओ अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रभा गौतम एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद विनय पाठक सहित मंडल के समस्त सदस्य एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
4.जनगणना 2027 : फील्ड ट्रेनर्स के प्रथम बैच की तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का सफल समापन
जनगणना 2027 की तैयारियों के अंतर्गत जिला स्तरीय फील्ड ट्रेनर्स के प्रथम बैच की तीन दिवसीय सघन प्रशिक्षण कार्यशाला का आज पंचायत समिति सभागार, चित्तौड़गढ़ में विधिवत समापन हुआ। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 15 अप्रैल से 17 अप्रैल 2026 तक आयोजित किया गया, जिसमें जिले के चयनित फील्ड ट्रेनर्स को व्यापक एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
जिले में कुल 60 फील्ड ट्रेनर्स को दो बैचों में विभाजित कर प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिनमें प्रत्येक बैच में 30-30 प्रशिक्षार्थी शामिल हैं। प्रथम बैच का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण हुआ, जबकि द्वितीय बैच का प्रशिक्षण आगामी चरण में आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान मास्टर ट्रेनर्स राजकुमार शर्मा एवं श्रीमती अपेक्षा जैन ने फील्ड ट्रेनर्स को जनगणना से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। प्रशिक्षण के प्रथम दिवस में प्रतिभागियों को जनगणना अधिनियम, नियमावलियों एवं प्रक्रिया संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
साथ ही मकानों की सूचीकरण प्रक्रिया, गणना प्रपत्रों को सही ढंग से भरने की विधि, तकनीकी एवं डिजिटल उपकरणों (मोबाइल एप एवं पोर्टल) के उपयोग तथा फील्ड में आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों के समाधान के बारे में विस्तार से समझाया गया।
#Chittorgarh #Nimbahera #RajasthanNews #UdaipurNews #RajasthanPolice #IndiaNews #VehicleAuction #OperationTrinetra #LocalNews #PoliceUpdate #GoodGovernance #PublicAdministration #BreakingNewsIndia #DistrictNews
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
