Chittorgarh : जिला स्तरीय जनसुनवाई 16 अप्रैल को आयोजित
चित्तौड़गढ़ की खबरें पढ़े Udaipur Times पर
चित्तौड़गढ़, 15 अप्रैल 2026
1. जिला स्तरीय जनसुनवाई 16 अप्रैल को आयोजित
आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा संचालित त्रि-स्तरीय जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत जिला स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन माह के तीसरे गुरुवार, 16 अप्रैल को किया जाएगा। यह जनसुनवाई प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक राजस्थान संपर्क डीओआईटी केंद्र, चित्तौड़गढ़ में जिला कलक्टर की अध्यक्षता में आयोजित होगी। इस दौरान जिले भर से आने वाले परिवादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनका मौके पर ही निराकरण करने का प्रयास किया जाएगा।
अतिरिक्त जिला कलक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे जनसुनवाई के दौरान अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें तथा अपने-अपने विभाग से संबंधित लंबित एवं निस्तारित प्रकरणों की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट साथ लेकर आएं, ताकि प्राप्त शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
2.जिला कलक्टर 16 को करेंगे पालोद में रात्रि चौपाल
जनसुनवाई एवं जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से जिला कलक्टर की अध्यक्षता में डूंगला उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत पालोद में 16 अप्रेल (गुरुवार) को रात्रि चौपाल का आयोजन किया जाएगा। अतिरिक्त जिला कलक्टर (भू.अ.) रामचंद्र खटीक ने बताया कि इस रात्रि चौपाल में जिला स्तरीय एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहेंगे। ग्रामीण जन अपनी समस्याओं, शिकायतों एवं मांगों को सीधे जिला कलक्टर के समक्ष रख सकेंगे।
3.जनगणना 2027 के लिए जिले के फील्ड ट्रेनर्स की तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आगाज
जनगणना 2027 के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में चित्तौड़गढ़ जिले में जिला स्तरीय फील्ड ट्रेनर्स की तीन दिवसीय सघन प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ किया गया। कार्यशाला का आयोजन प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) प्रभा गौतम की अध्यक्षता में हुआ। अध्यक्षता करते हुए प्रभा गौतम ने फील्ड ट्रेनर्स को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसके माध्यम से प्राप्त आंकड़े सरकार की योजनाओं एवं नीतियों का आधार बनते हैं।
उन्होंने सभी प्रशिक्षुओं से अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, सजगता एवं समयबद्धता के साथ करने का आह्वान किया, ताकि जिले में जनगणना कार्य शत-प्रतिशत सटीकता एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न हो सके। प्रशिक्षण में दी गई तकनीकी एवं व्यवहारिक जानकारी प्रशिक्षण सत्र में मास्टर ट्रेनर राजकुमार शर्मा एवं अपेक्षा जैन द्वारा फील्ड ट्रेनर्स को विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस दौरान मकानों के सूचीकरण, भवनों की गणना, प्रपत्रों को सही एवं त्रुटिरहित तरीके से भरने तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म (मोबाइल एप/पोर्टल) के उपयोग के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही फील्ड में आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों के समाधान पर भी विशेष मार्गदर्शन प्रदान किया गया। दो चरणों में आयोजित होगा प्रशिक्षण कार्यक्रम यह प्रशिक्षण कार्यक्रम दो चरणों में आयोजित किया जा रहा है। प्रथम चरण 15 अप्रैल से 17 अप्रैल 2026 तक तथा द्वितीय चरण 20 अप्रैल से 22 अप्रैल 2026 तक आयोजित होगा।
4.जिला कलक्टर के निर्देश पर विकसित भारत मिशन की समीक्षा, स्वच्छता व मॉनिटरिंग पर विशेष जोर
जिला कलक्टर डॉ. मंजू की अध्यक्षता में विकसित भारत शहरी एवं ग्रामीण अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बुधवार को वीसी (वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग) के माध्यम से बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के समस्त उपखंड अधिकारी, विकास अधिकारी एवं जिला स्तरीय अधिकारीगण जुड़े तथा अभियान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि विकसित भारत के लक्ष्य को धरातल पर साकार करने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।
उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में नियमित निरीक्षण कर योजनाओं की सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। स्वच्छता पर विशेष फोकस, नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश जिला कलक्टर ने जिले को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए नगर निकायों एवं संबंधित विभागों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि स्वच्छता एक सतत प्रक्रिया है, जिसके लिए निरंतर मॉनिटरिंग आवश्यक है।
उन्होंने आयुक्त स्तर से नियमित निगरानी सुनिश्चित करने तथा फील्ड स्तर पर सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने सार्वजनिक स्थलों, बाजार क्षेत्रों, प्रमुख मार्गों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कचरा प्रबंधन, डोर-टू-डोर कलेक्शन एवं स्वच्छता से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। अधिकारियों को जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश बैठक में जिला कलक्टर ने सभी उपखंड अधिकारियों एवं विकास अधिकारियों को योजनाओं की नियमित समीक्षा कर प्रगति रिपोर्ट समय पर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी की जिम्मेदारी तय है तथा उसी के अनुरूप कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
5.महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम– भजनलाल शर्मा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में लागू नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश की महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक और निर्णायक कदम है। इस अधिनियम से संसद एवं विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा, जिससे उनकी राजनीति में भागीदारी और प्रभाव दोनों बढ़ेंगे।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि इस कानून से महिलाओं को नीति निर्माण, शिक्षा, सुरक्षा एवं विकास जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में अपनी भूमिका निभाने का सशक्त अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के “विकसित भारत” के संकल्प को साकार करने में महिलाओं की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का स्पष्ट मानना है कि देश तभी प्रगति कर सकता है जब महिलाएं हर क्षेत्र में सक्रिय रूप से भागीदारी निभाएं।
भारतीय सनातन संस्कृति में भी नारी शक्ति को सर्वोच्च स्थान दिया गया है और महिला सशक्तिकरण को हमेशा प्राथमिकता दी गई है।
#Chittorgarh #RajasthanNews #NightChaupal #PublicHearing #Census2027#ViksitBharat #SwachhBharat #BhajanlalSharma #IndiaDevelopment#LocalNews #Dungla #UdaipurRegion #BreakingNews
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
