Chittorgarh: ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच प्रारम्भ जिला निर्वाचन अधिकारी ने किया निरीक्षण

चित्तोरगढ की खबरें पढ़े Udaipur Times पर 

 | 
PHED and Ground Water Minister Kanhaiyalal during Chittorgarh district visit  Thumbnail

चित्तौड़गढ़, 16 फरवरी 2026 :

1.अवैध मादक पदार्थ तस्करी मे एक साल से फरार पांच हजार रूपये का ईनामी अपराधी गिरफ्तार

पुलिस थाना गंगरार द्वारा अवैध मादक पदार्थ तस्करी मे एक साल से फरार पांच हजार रूपये का ईनामी अपराधी को गिरफ्तार किया है।

जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि जिले के विभिन्न प्रकरणों में वांछित अपराधियों की धरपकड हेतु एएसपी चित्तौड़गढ़ सरिता सिंह के निर्देशन व डीएसपी गंगरार शिवन्या चौधरी के सुपरविजन में थानाधिकारी गंगरार श्यामाराम पु.नि. के नेतृत्व में कानि. दिनेश, गजेन्द्र, अमित व डीएसटी टीम प्रभारी हैडकानि मुश्ताक व जाप्ता कानि. दुर्गेश, विरेन्द्र, व छोगालाल द्वारा थाना गंगरार के मादक पदार्थों की तस्करी मे एक साल से फरार वांछित आरोपी 35 वर्षीय साजिद खान उर्फ राजू पुत्र सतार खान निवासी गंगरार थाना गगंरार जिला चितौडगढ को गिरफ्तार किया जाकर न्यायालय मे पेश कर पिसी रिमाण्ड प्राप्त किया जाकर अनुसंधान किया जा रहा है।

गिरफ्तार आरोपी साजिद खान पुलिस थाना साकेतनगर जिला ब्यावर मे भी अवैध मादक पदार्थ तस्करी के प्रकरण मे वांछित चल रहा है।

2. ट्रैक्टर व ट्रॉली चोरी में चार आरोपी गिरफ्तार, ट्रैक्टर ट्रॉली बरामद

 सदर निम्बाहेडा थाना क्षेत्र के कोको सतखण्डा पेट्रोल पम्प से 03 फरवरी को चोरी गए ट्रैक्टर ट्रॉली के मामले में सदर निम्बाहेड़ा थाना पुलिस ने साइबर सेल की मदद से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गए ट्रैक्टर व ट्रॉली को बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक श्री मनीष त्रिपाठी ने बताया कि 03 व 04 फरवरी की मध्य रात्रि को कोको सतखण्डा पेट्रोल पम्प पर खड़ा ट्रैक्टर व ट्रोली को अज्ञात बदमाशों द्वारा चुरा ले जाने के मामले में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान एएसआई राजेन्द्रसिंह के जिम्मे किया गया।

थानाधिकारी सदर निम्बाहेडा को मामले का जल्द खुलासा एवं प्रकरण में वांछित आरोपियों की तलाश कर निस्तारण करने के निर्देश प्रदान किये। घटना का शीघ्र खुलासा करने के लिए एएसपी चित्तौड़गढ़ सरिता सिंह के निर्देशन व डीएसपी निम्बाहेड़ा बद्रीलाल राव के सुपरविजन में थाना व साइबर सेल की टीम का गठन किया गया।

टीम द्वारा घटना स्थल के आस पास के सी.सी.टी.वी. फुटेज चैक किये गये एवं आस पास के टोल नाकों के सीसीटीवी फुटेज चैक किये गये सायबर टीम चित्तौडगढ द्वारा घटना स्थल व रूट के बीटीएस डाटा प्राप्त कर विश्लेषण कर घटना में शरीक आरोपियों की पहचान की गई।

मामले में आरोपी तेजमल उर्फ सत्तु पुत्र रामचन्द्र कुम्हार निवासी चाखेड थाना बागोर जिला भीलवाडा, जगदीश उर्फ टोनु पुत्र खेमराज बैरवा निवासी जवासिया खेडा थाना हमीरगढ जिला भीलवाडा, अरुण पुत्र नन्दलाल बैरवा निवासी नेवरीया थाना राश्मी जिला चितौडगढ़ व शक्तिसिंह पुत्र पप्पुसिंह राठौड राजपुत निवासी बुढ थाना गंगरार जिला चितौडगढ़ को गिरफतार किया जाकर आरोपियों की सुचना पर मामले में चोरी हुये ट्रैक्टर को ट्रोली सहित बरामद किया गया। आरोपियों ने पुलिस पुछताछ पर बताया कि उक्त सभी आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से सुनसान स्थान पर खडे ट्रैक्टर ट्रोली को चुराया तथा पूर्व में भी इसी प्रकार की वारदातों को अंजाम दिया है। 

3.पंचायत आम चुनाव–2026 ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच प्रारम्भ जिला निर्वाचन अधिकारी ने किया निरीक्षण

पंचायत आम चुनाव–2026 के तहत ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच का सोमवार को शहिद मेजर नटवर सिंह शक्तावत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक रंजन ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने इंजीनियरों एवं तैनात कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए तथा प्रक्रिया की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं सुरक्षा मानकों की समीक्षा की। इस अवसर पर कार्यालय अधीक्षक एवं अतिरिक्त प्रभारी (चुनाव) विवेक व्यास सहित अन्य कार्मिक उपस्थित रहे। प्रथम स्तरीय जांच का यह कार्य लगभग 25 दिनों तक चलेगा। इस दौरान जिले में उपयोग में आने वाली सभी ईवीएम की तकनीकी जांच, कार्यक्षमता परीक्षण एवं प्रमाणीकरण किया जाएगा, ताकि पंचायत आम चुनाव–2026 के दौरान मतदान प्रक्रिया को सुचारू, सुरक्षित एवं पारदर्शी बनाया जा सके।

4.बोर्ड परीक्षा का जिला कलक्टर ने किया निरीक्षण

जिला कलक्टर आलोक रंजन ने सोमवार को शहीद मेजर नटवर सिंह शक्तावत सीनियर सेकेंडरी स्कूल, चित्तौड़गढ़ में संचालित कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा कक्षों का अवलोकन कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा उपस्थित अध्यापकों एवं परीक्षा ड्यूटी पर लगे कार्मिकों को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण परीक्षा संचालन सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। जिला कलक्टर ने कहा कि विद्यार्थियों को सुरक्षित, अनुशासित एवं तनावमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है, जिससे वे अपनी पूरी क्षमता के साथ परीक्षा दे सकें।

उन्होंने परीक्षा केन्द्र पर बैठक व्यवस्था, प्रश्नपत्र वितरण, उत्तरपुस्तिकाओं की सुरक्षा एवं गोपनीयता सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान परीक्षा केन्द्र पर सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित पाई गईं। जिला प्रशासन द्वारा बोर्ड परीक्षाओं के सफल एवं सुचारू संचालन के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News