Chittorgarh: IIMR द्वारा एक दिवसीय मक्का खेती प्रशिक्षण आयोजित
चित्तौरगढ़ की खबरें पढ़े Udaipur Times पर
24 मार्च 2026
1.आईआईएमआर द्वारा एक दिवसीय मक्का खेती प्रशिक्षण आयोजित
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली के अंतर्गत भारतीय मक्का अनुसंधान संस्थान (आईआईएमआर), लुधियाना द्वारा संचालित परियोजना “इथेनॉल उद्योगों के जलग्रहण क्षेत्रों में मक्का उत्पादन में वृद्धि” के तहत आज जिले के राज्यावास एवं कारोई गांव में एक दिवसीय मक्का जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 120 से अधिक किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर आईआईएमआर के यंग प्रोफेशनल श्री शंकर लाल चौधरी ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि मक्का अब केवल खाद्य फसल नहीं रहकर एक महत्वपूर्ण औद्योगिक फसल के रूप में स्थापित हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में देश में लगभग 10-12 मिलियन टन मक्का का उपयोग इथेनॉल उत्पादन में किया जा रहा है तथा भविष्य में इसकी मांग में और वृद्धि होने की संभावना है।
2.लू-तापघात से बचाव के लिए चिकित्सा विभाग अलर्ट, सभी संस्थानों को जारी निर्देश
बढ़ते तापमान एवं हीट वेव की आशंका को देखते हुए चिकित्सा विभाग अलर्ट मोड पर है तथा लू-तापघात से बचाव एवं उपचार के लिए जिले के समस्त चिकित्सा संस्थानों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ताराचन्द गुप्ता ने बताया कि हाल के दिनों में तापमान में वृद्धि के चलते लू-तापघात का खतरा बढ़ गया है।
इसे ध्यान में रखते हुए सभी चिकित्सा अधिकारियों को सतर्क रहने एवं आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि चिकित्सा संस्थानों में हीट वेव से बचाव हेतु वाटर कूलर, कूलर, पंखे एवं एसी को क्रियाशील रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही ओपीडी में आने वाले मरीजों के लिए छायादार स्थान की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। हाई रिस्क क्षेत्रों में अतिरिक्त चिकित्सा टीमों की तैनाती तथा जन-जागरूकता गतिविधियों के संचालन पर भी विशेष जोर दिया गया है। सभी चिकित्सा संस्थानों में चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ एवं पैरामेडिकल कार्मिकों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
अस्पतालों में आवश्यक दवाइयों एवं उपकरणों की उपलब्धता के साथ-साथ ठंडे पेयजल एवं छाया की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है। मनरेगा कार्यस्थलों पर श्रमिकों के लिए ओआरएस पैकेट उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों को दिए गए हैं।
3. फ्लैगशिप योजनाएं, बजट घोषणा एवं संपर्क पोर्टल की प्रगति पर साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित
जिला कलक्टर के निर्देशन में मंगलवार को जिला परिषद सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रभा गौतम ने की। बैठक में राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति, बजट घोषणा प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रभा गौतम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संपर्क पोर्टल पर दर्ज जन-अभियोगों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए लंबित प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र निराकरण किया जाए।
उन्होंने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को रैंकिंग सुधारने के भी निर्देश दिए। अतिरिक्त जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय पर पहुंचाएं। बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक ने फ्लैगशिप योजनाओं की विभागवार समीक्षा प्रस्तुत की।
उन्होंने विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। बजट घोषणा वर्ष 2024-25, 2025-26 एवं 2026-27 के प्रावधानों एवं क्रियान्वयन की समीक्षा के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर रामचंद्र खटीक ने विभागवार बजट उपयोगिता, स्वीकृत कार्यों एवं व्यय की स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वीकृत बजट का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करते हुए विकास कार्यों में तेजी लाई जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं हो।
#Chittorgarh #Rajasthan #GovernmentSchemes #PublicAdministration #GoodGovernance #Development #Budget2025 #PolicyImplementation #SamparkPortal #PublicGrievance #DistrictAdministration #Governance #Transparency #Accountability #I
