सिक्सलेन पर श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी

सांवलियाजी दर्शन को जा रही बस हादसे का शिकार, एक श्रद्धालु की मौत, कई घायल

 | 
Bus carrying Sanwariyaji temple devotees overturned near Bagund village on Chittorgarh-Udaipur six-lane highway in Rajasthan

उदयपुर 26 मई 2026 - चित्तौड़गढ़-उदयपुर सिक्सलेन पर बड़ा हादसा सांवलियाजी दर्शन को जा रही श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, एक की मौत, दर्जन यात्री घायल ! राजस्थान के चित्तौड़गढ़-उदयपुर सिक्सलेन पर मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सांवलियाजी मंदिर दर्शन के लिए जा रही श्रद्धालुओं से भरी एक बस भादसोड़ा थाना क्षेत्र के बागुंड गांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गई।

हादसे में एक श्रद्धालु की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए।

इनमें से पांच श्रद्धालुओं की हालत गंभीर होने पर उन्हें चित्तौड़गढ़ रेफर किया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बस में फंसे श्रद्धालुओं को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बाहर निकाला गया।और घायलों को एंबुलेंस तथा अन्य वाहनों से तुरंत भादसोड़ा चिकित्सालय पहुंचाया गया। भादसोड़ा थानाधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह सूचना मिली थी कि प्राकट्य स्थल मंदिर से पहले बागुंड गांव के पास एक यात्री बस पलट गई है।

सूचना पर पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू करवाया। जांच में सामने आया कि बस चित्तौड़गढ़ रेलवे स्टेशन क्षेत्र से श्रद्धालुओं को लेकर सांवलियाजी मंदिर जा रही थी। हादसे में एक श्रद्धालु हरी सिंह को मौत हो गई। वहीं अन्य घायलों का उपचार भादसोड़ा चिकित्सालय में किया गया। गंभीर रूप से घायल पांच श्रद्धालुओं को बेहतर इलाज के लिए चित्तौड़गढ़ रेफर किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार हादसे के दौरान बस पहले एक विद्युत पोल से टकराई और उसके बाद नेशनल हाईवे किनारे लगी लोहे की मजबूत रेलिंग को तोड़ते हुए पलट गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रेलिंग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और बस का एक हिस्सा बुरी तरह टूट गया। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि सुबह का समय होने के कारण चालक को नींद की झपकी आ गई होगी, जिसके चलते बस अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई। फिलहाल पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस को जब्त कर थाने में खड़ा करवा दिया है और हादसे के कारणों की जांच जारी है।

#Chittorgarh #Udaipur #RajasthanNews #BusAccident #Sanwariyaji #SanwariyaSeth #ChittorgarhNews #UdaipurNews #RajasthanBreakingNews #RoadAccident #HighwayAccident #MewarNews #Bhadsoda #TempleDevotees #BreakingNews

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News