geetanjali-udaipurtimes

उदयपुर में यूथ कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प

मंत्री झाबर सिंह खर्रा के सामने काले झंडे लहराने पर विरोध

 | 

उदयपुर 6 अक्टूबर 2025। नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा के सामने यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाकर विरोध किया, जिससे भाजपा समर्थकों के साथ झड़प हो गई।

घटना उस समय हुई जब मंत्री शाम लगभग 8 बजे भुवाणा चौराहा से प्रताप नगर चौराहा तक डेकोरेटिव पोल और स्ट्रीट लाइट का लोकार्पण करने आए थे।

यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव अरमान जैन और अन्य कार्यकर्ता मंत्री के सामने काले झंडे लेकर पहुंच गए। अरमान जैन ने मंत्री से कहा कि वे सही नहीं कर रहे हैं और उनसे बातचीत करना चाहते हैं। यह देख भाजपा कार्यकर्ताओं ने तुरंत अरमान जैन के हाथ से काला झंडा छीन लिया और उनकी तरफ हाथापाई शुरू कर दी।

arman jain

इस दौरान वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित किया और अरमान जैन को छुड़ाया। इसके बाद यूथ कांग्रेस के नेता और दो अन्य कार्यकर्ताओं ने मंत्री खर्रा के खिलाफ नारे लगाए। पुलिस ने तुरंत अरमान जैन और दो अन्य युवाओं को हिरासत में लेकर गाड़ी में बैठा लिया।

मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि अनावश्यक हुल्लड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया, “हम तो गांव में पैदा हुए हैं। हमने बहुत कालिख देखी है। काले झंडे का हमें कोई असर नहीं होता। जो शालीनता से सकारात्मक तरीके से अपनी बात हमारे तक पहुंचाएगा, उसकी सुनवाई की जाएगी और समाधान किया जाएगा।”

घटना के बाद शहर में राजनीतिक हलचल बढ़ गई है और पुलिस ने पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है।