उदयपुर के गुलाब बाग मे गांधी जी और शास्त्री जी की जयंती पर स्वच्छता अभियान

 | 
UMC

 

Udaipur Times, Udaipur News: उदयपुर मे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को उदयपुर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं नशा मुक्ति का संदेश दिया गया।

नगर निगम उदयपुर की ओर से शहर के गुलाब बाग उद्यान में स्वच्छता एवं नशा मुक्ति अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन एवं नगर निगम अधिकारियों, समाजसेवियों, स्काउट-गाइड कैडेट्स तथा बड़ी संख्या में शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत महापौर पारस सिंघवी एवं उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, आयुक्त अभिषेक खन्ना, समाजसेवी गजपाल सिंह, अतिरिक्त जिला कलक्टर जितेंद्र ओझा, उप महापौर दिनेश भट्ट, उपायुक्त हरि सिंह देवल आदि द्वारा गुलाब बाग स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने हाथों में झाड़ू लेकर गुलाब बाग परिसर में श्रमदान किया और सामूहिक रूप से स्वच्छता अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उपस्थित लोगों ने स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में नगर निगम महापौर पारस सिंघवी ने कहा कि स्वच्छता अभियान केवल एक दिन या किसी विशेष अवसर तक सीमित नहीं रहना चाहिए। यह अभियान औपचारिकता मात्र नहीं रहे, बल्कि आमजन की भागीदारी से निरंतर चलने वाला जनआंदोलन बने।

उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में नगर निगम के साथ प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर, प्रतिष्ठान और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने का संकल्प ले, तो उदयपुर को स्वच्छता के क्षेत्र में नई पहचान दिलाई जा सकती है।

महापौर सिंघवी ने आमजन से प्लास्टिक के उपयोग को कम करने की अपील करते हुए कहा कि खाने-पीने की वस्तुएं प्लास्टिक की थैलियों में लेकर नहीं आएं। विशेष रूप से उन्होंने गुलाब बाग में आने वाले लोगों से अपील की कि स्वान को बिस्कुट अथवा अन्य खाद्य सामग्री प्लास्टिक की थैली में रखकर नहीं खिलाएं। इससे प्लास्टिक कचरा बढ़ता है और उद्यान की स्वच्छता प्रभावित होती है। उन्होंने नागरिकों से कचरा निर्धारित स्थान पर डालने तथा सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने में नगर निगम का सहयोग करने का आह्वान किया।

सांसद ने किया वृक्षारोपण

इस अवसर पर उदयपुर सांसद मन्नालाल रावत ने गुलाब बाग परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। पौधारोपण के बाद पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण पर भी ध्यान देना आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान महापौर सिंघवी ने उपस्थित जनसमूह को नशे से दूर रहने तथा नशा मुक्ति अभियान को सफल बनाने की शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। स्काउट-गाइड कैडेट्स एवं शहरवासियों ने भी श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।

शास्त्री सर्कल पर हुआ कार्यक्रम का आयोजन

भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शास्त्री सर्कल पर कार्यक्रम का आयोजन कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इस अवसर पर सांसद मन्नालाल रावत एवं महापौर पारस सिंघवी ने उनके द्वारा दिए गए जय जवान जय किसान के नारे की महत्ता पर प्रकाश डाला। महापौर सिंघवी ने शास्त्री के सादगी भरे जीवन को अपने जीवन में अंगीकार करने का आह्वान किया जिससे यह देश आत्मनिर्भर बन सके।

शहर के  विशिष्ट रहे उपस्थित

इस अवसर पर उदयपुर सांसद मन्नालाल रावत, उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा, नगर निगम महापौर पारस सिंघवी, नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना, अतिरिक्त जिला कलक्टर जितेंद्र ओझा, उप महापौर दिनेश भट्ट, उप आयुक्त हरिसिंह देवल, समाजसेवी गजपाल सिंह,देवीलाल सालवी, पार्षद विजय आहूजा, वैभव भंडारी, पंकज बोराना, निधि गोधा, डॉ. अनिल कुमार कटारिया, राकेश जैन सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, समाजसेवी, स्काउट-गाइड कैडेट्स एवं बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अवसर पर नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना द्वारा आमजन से अपील की गई कि स्वच्छता अभियान को सीमित न रखते हुए इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और उदयपुर को स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण के अनुकूल शहर बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News