सीएम ने शिरोमणि महाराणा प्रताप बोर्ड के गठन को दी मंजूरी

इस बोर्ड के जरिए महाराणा प्रताप से जुड़े इतिहास का प्रचार-प्रसार किया जाएगा

 | 
Free entry into Moti Magri for two days

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शिरोमणि महाराणा प्रताप बोर्ड के गठन को मंजूरी दे दी है। इस बोर्ड के जरिए महाराणा प्रताप से जुड़े इतिहास का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। महाराणा प्रताप की प्रतिबद्धता, देशभक्ति, दानशीलता, जनसेवा और कर्तव्य परायणता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप बोर्ड का गठन किया जाएगा। 

बोर्ड में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष तथा 7 अन्य सदस्य होंगे। बोर्ड में सचिव एवं कार्यकारी स्टाफ अलग से होगा। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने उदयपुर में 22 मई को कालजयी योद्धा महाराणा प्रताप की स्मृति में बोर्ड गठित करने की घोषणा की थी।

इस बोर्ड के गठन का उद्देश्य नई पीढ़ी को महाराणा प्रताप के महान चरित्र का अनुगामी बनाना, उन पर आधारित पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण एवं नव-निर्माण, भारत की विभिन्न भाषाओं में रचित प्राचीन साहित्य के संकलन, संरक्षण, शोध, प्रकाशन एवं प्रचार-प्रसार, सम्बन्धित पाठ्यक्रम सामग्री का निर्धारण समावेशन करना है। 

साथ ही, उनके नाम से राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय स्तर के पुरस्कारों की शुरूआत करना, उन पर आधारित मेलों, प्रदर्शनी, समारोह, सम्मेलन, फिल्मों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, संगोष्ठियों तथा कवि सम्मेलनों का आयोजन करना एवं देश-विदेश में उनके विचारों का प्रचार-प्रसार का कार्य भी बोर्ड द्वारा किया जाएगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News