उदयपुर के रेस्टोरेंट में खाने में निकला कॉकरोच, शिकायत करने पर पर्यटक से मारपीट
Udaipur Times, Udaipur Local News Update: उदयपुर के देहलीगेट चौराहा स्थित एक रेस्टोरेंट में खाना खाने पहुंचे गुजराती पर्यटक के खाने में कॉकरोच निकलने के बाद विवाद हो गया। पर्यटक ने इसकी शिकायत रेस्टोरेंट संचालक और स्टाफ से की तो कथित तौर पर उसके साथ मारपीट कर दी गई। घटना शनिवार रात करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है।
मारपीट में पर्यटक जयेश पटेल (35) के चेहरे और सिर पर गंभीर चोट आई। उसे उपचार के लिए एमबी हॉस्पिटल ले जाया गया। मामले में दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ क्रॉस FIR दर्ज कराई गई है। धानमंडी थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थानाधिकारी गजवीर सिंह ने बताया कि खाने में कॉकरोच निकलने की बात को लेकर विवाद हुआ था। इसमें पर्यटक जयेश पटेल घायल हुआ है। मामले की जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार अहमदाबाद, गुजरात निवासी जयेश पटेल अपने परिवार के साथ देहलीगेट स्थित रेस्टोरेंट में खाना खाने पहुंचे थे। परिवार के सदस्य खाना खा रहे थे, इसी दौरान उनकी थाली में कॉकरोच दिखाई दिया। इस पर उन्होंने रेस्टोरेंट संचालक और स्टाफ से शिकायत की।
आरोप है कि रेस्टोरेंट स्टाफ ने कॉकरोच को बड़ी इलायची बताया और कहा कि इसे रसोई में ले जाकर धोकर दिखाते हैं। इस पर जयेश पटेल को शक हुआ कि थाली को अंदर ले जाकर कॉकरोच के संबंध में सबूत मिटाने की कोशिश की जा रही है। इसी बात को लेकर उनके और रेस्टोरेंट स्टाफ के बीच बहस शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और रेस्टोरेंट में मौजूद अन्य ग्राहक भी घबरा गए। माहौल बिगड़ने पर कई लोग रेस्टोरेंट से बाहर निकल गए। आरोप है कि इसी दौरान रेस्टोरेंट संचालक और स्टाफ ने जयेश पटेल के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में उनके चेहरे पर गंभीर चोट लगी और खून बहने लगा।
बताया जा रहा है कि जयेश पटेल के साथ उनके परिवार के कुल 8 लोग रेस्टोरेंट पहुंचे थे, जिनमें 6 महिलाएं भी शामिल थीं। घटना के दौरान मौके पर एक पुलिसकर्मी के मौजूद होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, आरोप है कि वह मारपीट करने वालों को रोक नहीं पाया।
फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।