मोरवल गांव में ज़िला कलेक्टर ने लगाई रात्रि चौपाल

सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

 | 
collector Namit Mehta

उदयपुर 27 मार्च 2025 । ज़िले में इन दिनों प्रशासन आमजन तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करने में जुटा हुआ है। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुरूप,जिला कलेक्टर नमित मेहता आदिवासी अंचल के गांवों में जाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुन रहे हैं और सरकारी योजनाओं का लाभ उन तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।

इसी क्रम में बीती रात ज़िला कलेक्टर नमित मेहता उदयपुर जिले के गोगुंदा क्षेत्र के मोरवल गांव पहुंचे, जहां उन्होंने ग्रामीणों के साथ ज़मीन पर बैठकर रात्रि चौपाल की। अरावली की पहाड़ियों के बीच बसे इस सुदूर वन क्षेत्र में पहली बार ज़िला कलेक्टर को अपने बीच पाकर ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला।

रात्रि चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने खुलकर अपनी समस्याएं कलेक्टर के सामने रखीं। पानी, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा हुई। जिला कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। 

इस अवसर पर जिला परिषद सीईओ रिया डाबी, एसडीएम शुभम भाईसारे सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। स्थानीय सरपंच कमला बाई, ग्रामीण लाल सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं और पुरुष भी चौपाल में शामिल हुए।

कलेक्टर नमित मेहता ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि सरकार की ओर से चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता को सुनिश्चित करें।
 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News