Udaipur Times, ZRTI Udaipur, Udaipur News: उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने उदयपुर स्थित क्षेत्रीय रेल प्रशिक्षण संस्थान (ZRTI) स्थापित कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) लैब का शुभारंभ किया।
संस्थान में प्रशिक्षण की गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त 100 कंप्यूटरों वाली कंप्यूटर बेस्ड ट्रेनिंग लैब स्थापित की गई है। यह भारतीय रेलवे के क्षेत्रीय रेल प्रशिक्षण संस्थानों में पहली कंप्युटर आधारित लेब हैं जिसमें प्रशिक्षणार्थियों का मूल्यांकन कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट से होगा।
उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने संस्थान के विभिन्न मॉडल कक्षों का अवलोकन किया तथा वहां उपलब्ध प्रशिक्षण संसाधनों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। महाप्रबंधक ने संस्थान के सभागार में प्रशिक्षणार्थियों से संवाद भी किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से प्रशिक्षण संबंधी विषयों पर चर्चा की तथा उनके अनुभव एवं विचार जाने।
उन्होंने प्रशिक्षण को रेलवे की कार्यप्रणाली, संरक्षा एवं कार्यकुशलता से जोड़ते हुए प्रशिक्षण के महत्व को रेखांकित किया। साथ ही, उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों के तकनीकी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण को सुदृढ़ करने में आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं की महत्ता पर बल दिया।
इसके बाद महाप्रबंधक ने संस्थान परिसर में स्थापित एलएचबी कोच मॉडल का निरीक्षण किया तत्पश्चात उन्होंने संस्थान की कंटेंट क्रिएशन लैब (डिजिटल स्टूडियो) का उद्घाटन किया। संस्थान के प्राचार्य जय प्रकाश ने बताया कि कंटेंट क्रिएशन लैब (डिजिटल स्टूडियो) के माध्यम से आधुनिक डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते हुए गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण सामग्री तैयार करने तथा प्रशिक्षण को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी। इस कंटेंट क्रिएशन लैब के माध्यम से भारत सरकार के आई-गोट (i-Got) प्लेटफॉर्म के साथ-साथ संस्थान द्वारा निर्मित लर्निंग मेनेजमेंट सिस्टम के लिए भी विभिन्न पाठ्यक्रमों के पठन सामग्री का विकास किया जा सकेगा ।
इसके बाद महाप्रबंधक ने संस्थान में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में संस्थान के अधिकारियों के साथ प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक श्री मदन राम देवड़ा, मंडल रेल प्रबंधक, अजमेर श्री राजू भूतड़ा तथा मुख्यालय एवं मंडल से आए अन्य उच्च अधिकारी उपस्थित रहे।इस अवसर पर महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा ने क्षेत्रीय रेल प्रशिक्षण संस्थान की अर्धवार्षिक साहित्यिक पत्रिका ‘रेल प्रभा’ का विमोचन भी किया। उन्होंने संस्थान द्वारा प्रशिक्षण गतिविधियों के साथ-साथ साहित्यिक एवं राजभाषा गतिविधियों को प्रोत्साहित किए जाने की सराहना की।