उदयपुर में SIR के विरोध में कांग्रेस और वामदलों का प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट के बाहर पुलिस से धक्का-मुक्की
Udaipur Times, Protest in Udaipur: देश भर मे चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के विरोध में गुरुवार को उदयपुर में कांग्रेस और वामदलों की ओर से विरोध मार्च निकाला गया। इंडिया गठबंधन के आह्वान और राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आयोजित मार्च में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के नारे लगाए और सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।

मार्च के कलेक्ट्रेट पहुंचने पर कुछ कार्यकर्ता बैरिकेड पर चढ़ने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने उन्हें रोककर पीछे किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई और कुछ बैरिकेड गिर गए। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए प्रदर्शनकारियों को पीछे किया।

मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा, डीएसपी राजेश यादव सहित तीन से अधिक थानों के थानाधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने भीड़ को बैरिकेड से पीछे हटाया। घटना के दौरान बनाए गए वीडियो में पुलिस अधिकारी प्रदर्शनकारियों को पीछे करते हुए नजर आए।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने SIR को लेकर चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए विरोध जताया और अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की। राजस्थान में SIR को लेकर कांग्रेस सहित विपक्षी दल लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
