कांग्रेस उम्मीदवार गुरमीत सिंह कुन्नर का निधन

अब 199 सीट पर ही होगा चुनाव

 | 
congress

श्रीगंगानगर ज़िले की करणपुर विधानसभा सीट पर प्रत्याशी की मौत के बाद मतदान प्रक्रिया 25 नवंबर को पूरी नहीं होगी। यानी 25 नवंबर को प्रदेश की शेष 199 सीटों पर मतदान होगा। करणपुर विधानसभा सीट के लिए मतदान की तारीख का ऐलान चुनाव आयोग की ओर से बाद में किया जाएगा। हालांकि प्रदेश की शेष 199 सीटों पर हुए मतदान के बाद चुनाव परिणाम 3 दिसंबर को ही घोषित किए जाएंगे।

आगामी राजस्थान विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी और श्रीगंगानगर ज़िले की करणपुर विधानसभा सीट से मौजूदा विधायक गुरमीत सिंह कुन्नर का निधन हो गया है। ब्रैन अटैक के बाद उन्हें जयपुर के एसएमएस अस्पताल से दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया था। आज बुधवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। अब 25 नवंबर को करणपुर विधानसभा सीट पर चुनाव नहीं होगा।

उल्लेखनीय है कि कि गुरमीत सिंह कुन्नर की मंगलवार को तबीयत गंभीर होने के बाद उनके निधन की अफवाहें सामने आई थी। इसके बाद उनके परिवार की ओर से बयान जारी कर स्थिति साफ की गई। उनके बेटे ने बताया कि गुरमीत सिंह की तबीयत नाजुक है और उन्हें वेटिलेटर पर रखा गया है। हालांकि अगले दिन यानी बुधवार सुबह ही इलाज के दौरान निधन हो गया।

श्री गंगानगर ज़िले की करणपुर विधानसभा सीट से मौजूदा विधायक गुरमीत सिंह कुन्नर इस बार भी चुनाव मैदान में थे। कांग्रेस ने उन्हें अपना प्रत्याशी बनाते हुए फिर से जीत का दावा किया था। हालांकि चुनाव से ठीक पहले गुरमीत सिंह की दावेदारी खत्म होने से कांग्रेस का नुकसान हुआ है। करणपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस के कद्दावर नेता कुन्नर तीन बार विधायक रहे। 

कुन्नर ने 1998 में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीता था और 2008 में निर्दलीय के रूप में विधानसभा पहुंचे। इसके बाद 2018 में उन्हें फिर से कांग्रेस ने प्रत्याशी बनाया और वो विजयी रहे। इस बार भी कांग्रेस ने कुन्नर पर ही भरोसा जताया था।
 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News