राजसमंद मे कांग्रेस ने नहीं उतारा प्रत्याशी, भाजपा और निर्दलीय के बीच बनेगा प्रधान पद का चुनावी गणित
Udaipur Times, Rajsamand News: राजसमंद पंचायत समिति में प्रधान पद को लेकर चुनावी तस्वीर अब साफ होती नजर आ रही है। प्रधान पद के चुनाव में भाजपा की ओर से बसंत कुंवर ने दावेदारी पेश की है, वहीं निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मंजू देवी कुमावत ने भी आज अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। इसके साथ ही प्रधान पद के लिए भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशी के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजसमंद पंचायत समिति में कुल 25 सदस्यों में से भाजपा के 12, कांग्रेस के 11 और दो सदस्य निर्दलीय हैं। इनमें से एक निर्दलीय सदस्य मंजू देवी कुमावत ने प्रधान पद के लिए नामांकन दाखिल किया है।
वहीं कांग्रेस की ओर से प्रधान पद के चुनाव में कोई प्रत्याशी मैदान में नहीं उतारा गया है। ऐसे में अब प्रधान पद का चुनाव भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशी के बीच केंद्रित हो गया है।
इस चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी मंजू देवी कुमावत को कुमावत समाज के समर्थन को लेकर भी चर्चाएं हैं। अब सभी की निगाहें सदस्यों के समर्थन और चुनावी परिणाम पर टिकी हुई हैं।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि राजसमंद पंचायत समिति की कमान भाजपा की बसंत कुंवर के हाथों में जाएगी या निर्दलीय मंजू देवी कुमावत प्रधान पद हासिल करने में सफल होंगी?