कांग्रेस नेता गिरिजा व्यास का निधन


कांग्रेस नेता गिरिजा व्यास का निधन 

अहमदाबाद में चल रहा था इलाज 

 
Dr Girija Vyas

उदयपुर 1 मई 2025। उदयपुर की पूर्व सांसद, उदयपुर विधानसभा (शहर) की पूर्व विधायक और पूर्व केंद्रीय मंत्री कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री गिरिजा व्यास का गुरुवार को सायं 7:30 बजे अहमदाबाद में निधन हो गया।  

गिरिजा व्यास 31 मार्च 2025 को गणगौर पूजा के दौरान आरती कर रही थी इस दौरान उनकी चुन्नी में आग लगने से झुलस गई थी। उसके बाद उन्हें उदयपुर के निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद अहमदाबाद के जाइडस केडीला अस्पताल में रेफर किया गया था। जहाँ आज उनका उपचार के दौरान निधन हो गया।

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं प्रवक्ता पंकज कुमार शर्मा ने बताया की डॉ. व्यास के निधन के समय उनके भाई एवं पूर्व शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष गोपाल कृष्ण शर्मा, पुष्पा शर्मा, डॉ. विवेक शर्मा, डॉ. अलका शर्मा सहित समस्त परिजन उपस्थित थे। पंकज शर्मा ने बताया कि डॉ. गिरिजा व्यास का पार्थिव शरीर देर रात तक उदयपुर पहुंचेगा। अंतिम दर्शन के लिए उनके देत्य मगरी आवास पर 2 मई को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक रखा जाएगा, तथा उसी दिन उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

8 जुलाई 1946 को जन्मी गिरिजा व्यास कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री रह चुकी हैं। वे केंद्र और राज्य में बड़े पदों पर रह चुकी हैं। वे राज्य और केंद्र सरकार में मंत्री रहने के अलावा कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष रह चुकी हैं। दो बार राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रह चुकी हैं। 1985 से 1990 तक विधायक और राजस्थान सरकार में पर्यटन राज्य मंत्री रहीं ।

गिरिजा व्यास साल 1991 में पहली बार सांसद बनीं। वे उदयपुर से तीन बार सांसद रहीं। 1996 और 1999 में उदयपुर से कांग्रेस के टिकट पर सांसद का चुनाव जीतीं। 2009 में चित्तौड़गढ़ से लोकसभा चुनाव जीतीं। वे कांग्रेस की मीडिया प्रभारी, विचार विभाग की प्रमुख रहने के अलावा कांग्रेस के मुखपत्र कांग्रेस संदेश की एडिटर इन चीफ भी रह चुकी हैं। 

डॉ. व्यास के निधन पर समस्त कांग्रेसजनों में गहरा शोक व्याप्त

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर सीपी जोशी, राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, विधानसभा में प्रतिपक्ष नेता टीकाराम जूली, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव सचिन पायलट, पूर्व सांसद रघुवीर सिंह मीणा, उदयपुर सांसद प्रत्याशी एवं पूर्व कलेक्टर ताराचंद मीणा, शहर अध्यक्ष फतेह सिंह राठौड़, देहात अध्यक्ष कचरुलाल चौधरी सहित कई नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया। पंकज शर्मा ने इसे राजस्थान एवं विशेषकर मेवाड़ क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया।

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal