राजस्थान में कांग्रेस का घोषणा पत्र जारी-गैस सिलेंडर 400 में


राजस्थान में कांग्रेस का घोषणा पत्र जारी-गैस सिलेंडर 400 में 

नए राजस्थान की संकल्पना है जन घोषणा पत्र में- डॉ. सीपी जोशी

 
congress manifesto

कांग्रेस मुख्यालय पर राजस्थान विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी ने मंगलवार को जन घोषणा पत्र जारी किया। जन घोषणा पत्र कमेटी के अध्यक्ष डॉक्टर सीपी जोशी ने कहा कि यह घोषणा पत्र नए राजस्थान की संकल्पना हैं। 

डॉ. सीपी जोशी ने कहा कि कांग्रेस की ओर से जो 7 गारंटी दी गई हैं, वे उनकी प्राथमिकता रहेंगी। लोगों को महंगाई से राहत देने के लिए हमने पहले 10 गारंटी योजनाएं जारी की थी। अब हम 2030 का विजन लेकर आगे बढ़ रहे हैं। हम किसानों को आश्वस्त करना चाहते हैं कि स्वामीनाथन कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर एमएसपी देंगे।

पहली बार किसानों को बिना ब्याज 2 लाख का ऋण देंगे। ताकि वे वित्तीय संसाधन उपलब्ध कर सकें। युवाओं को नौकरी देने के लिए पंचायत स्तर पर भर्ती की जाएंगी, इसके लिए एक नया कैडर बनाया जाएगा। डॉ. सीपी जोशी ने कहा की 3 करोड़ 50 लाख लोगों के सुझाव के बाद एक घोषणा पत्र तैयार किया। उन्होंने कहा कि इस घोषणा पत्र के माध्यम से राजस्थान की जनता को आश्वस्त करना चाहते हैं कि वे पुन: सत्ता में आकर लोगों की सेवा करेंगे।

कांग्रेस घोषणा पत्र की प्रमुख बिंदु 

  • किसानों के लिए स्वामीनाथन कमेटी की सिफारिशों के मुताबिक MSP कानून लाया जाएगा। चिरंजीवी बीमा की राशि को 25 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रु किया जाएगा।
  • 4 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जाएगी। 10 लाख युवाओं को रोजगार दिया जाएगा।  पंचायत स्तर पर सरकारी नौकरी का नया काडर बनाया जाएगा। 
  • गैस सिलेंडर अभी 500 रु का मिल रहा है, उसे 400 रु किया जाएगा।  
  • राज्य में RTE कानून लाकर इसके तहत निजी शिक्षण संस्थाओं में भी 12वीं तक की शिक्षा फ्री की जाएगी।  मनरेगा और इंदिरा गांधी शहरी रोजगार में 125 से बढ़ाकर 150 दिन किया जाएगा।  
  • छोटे व्यापारियों, दुकानदारों को 5 लाख रु तक का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध करवाने के लिए व्यापारी क्रेडिट कार्ड योजना शुरू होगी।  
  • सरकारी कर्मचारियों को 9,18,27 के साथ चौथी वेतनमान श्रंखला व अधिकारियों को एपेक्स स्केल दिया जाएगा।  
  • 100 तक जनसंख्या वाले गांवों और ढाणियों को सड़क से जोड़ा जाएगा। हर गांव एवं शहरी वार्ड में सिक्योरिटी गार्ड लगाए जाएंगे।
  • आवास का अधिकार कानून लाकर सभी को आवास दिए जाएंगे। पहले से चल रही योजनाओं को और मजबूत किया जाएगा।

जन घोषणा पत्र के विमोचन के समय राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे,मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, राजस्थान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal

Tags