पूर्व विधायक प्रीति शक्तावत के साथ बदसलूकी के विरोध में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध स्वरूप टायर जलाए और नारेबाजी की
उदयपुर 16 जुलाई 2025। ज़िले के वल्लभनगर में कांग्रेस की पूर्व विधायक प्रीति गजेन्द्रसिंह शक्तावत द्वारा थानाधिकारी दिनेश पाटीदार पर लगाए गए बदसलूकी के आरोप को लेकर कलेक्ट्री पर कांग्रेसियों ने जोरदार प्रदर्शन किया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध स्वरूप टायर जलाए और नारेबाजी की। कुछ आक्रोशित कार्यकर्ता कलेक्ट्री के गेट पर लगी बेरिकेडिंग पर चढ़ गए और नारेबाजी शुरू कर दी।

पूर्व विधायक प्रीति गजेन्द्रसिंह शक्तावत ने कहा कि उन्होंने एसपी को ज्ञापन देकर मांग की है कि थानाधिकारी दिनेश पाटीदार को जल्द से जल्द हटाया जाए। शक्तावत ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने थानाधिकारी से बदसलूकी के बारे में कहा तो उन्होंने जवाब दिया, "जानता हूं, क्या कर लेगी?"
शक्तावत का कहना था कि अगर उनके साथ इस तरह का दुर्व्यवहार हुआ, तो आमजन के साथ क्या होता होगा। इस विरोध प्रदर्शन में शहर कांग्रेस जिला अध्यक्ष फतहसिंह राठौड़, देहात जिला अध्यक्ष कचरूलाल चौधरी, प्रदेश सचिव दिनेश श्रीमाली, महासचिव पंकज शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष अजयसिंह, सोमेश्वर मीणा आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

दरअसल, वल्लभनगर के ऐतिहासिक शीतला माता मंदिर में 30 किलो चांदी की चोरी का अब तक खुलासा नहीं होने के चलते दो दिन पहले क्षेत्रवासियों, व्यापारियों और वकीलों ने जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया था। इस विरोध में पूर्व विधायक प्रीति गजेन्द्रसिंह शक्तावत भी अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ शामिल हुई थीं।
प्रदर्शन के दौरान जब पुलिस भीड़ को नियंत्रित कर रही थी, तभी पूर्व विधायक शक्तावत ने आरोप लगाया कि थानाधिकारी दिनेश पाटीदार ने उनके साथ धक्का-मुक्की की। इस दौरान उनके सिर का पल्लू जोर से खिंच गया। पूर्व विधायक ने यह भी कहा कि जब उन्होंने थानाधिकारी को उनकी गलती बताई, तो उन्होंने उल्टा बदतमीजी की।
पूर्व विधायक शक्तावत ने मामले की शिकायत डीएसपी राजेन्द्र सिंह को लिखित रूप में भी दी है। उनका कहना है कि यदि एक जनप्रतिनिधि के साथ ऐसा व्यवहार किया गया है, तो आम जनता के साथ पुलिस का रवैया क्या होगा, यह गंभीर चिंता का विषय है। कांग्रेस पार्टी ने इस पूरे प्रकरण को लेकर थानाधिकारी के निलंबन की मांग की है और विरोध प्रदर्शन को आगे बढ़ाने की चेतावनी दी है।
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
