LPG सिलेंडर की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन
उदयपुर 13 मार्च 2026 । शहर में रसोई गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर कांग्रेस ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। उदयपुर शहर कांग्रेस कमेटी की ओर से आयोजित इस प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
शहर कांग्रेस जिला अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने हाथों में गैस सिलेंडर उठाकर अपना विरोध जताया और सरकार पर गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी तथा आपूर्ति में कमी को लेकर नाराजगी व्यक्त की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला भी फूंका।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन ADM को सौंपा। कलेक्ट्रेट के बाहर मुख्य सड़क पर करीब आधे घंटे तक चले इस प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने सरकार से गैस सिलेंडर की कीमतों को नियंत्रित करने और कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों से आम जनता और छोटे व्यापारियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से इस मामले में जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की।