मदन राठौड़ के बयान के विरोध में उदयपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन, पुतला फूंका
Udaipur Times, Udaipur News: राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के बयान के विरोध में शनिवार को उदयपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। हाथीपोल चौराहे पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का पुतला फूंककर नारेबाजी की गई। प्रदर्शन शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ के नेतृत्व में हुआ।
इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मदन राठौड़ के बयान पर नाराजगी जताते हुए उसकी निंदा की।
फतह सिंह राठौड़ ने कहा कि पुलवामा में शहीद हुए जवानों और पहलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष नागरिकों की शहादत पूरे देश के लिए अपूरणीय क्षति है। ऐसे संवेदनशील मुद्दों पर गैर-जिम्मेदाराना बयान देना शहीदों, सैनिकों और आतंकवाद से प्रभावित परिवारों की भावनाओं को ठेस पहुंचाता है।
फतह सिंह राठौड़ ने आरोप लगाया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का बयान पाकिस्तान के प्रति नरम रवैया दर्शाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनावों के दौरान राष्ट्रवाद और पाकिस्तान को सबक सिखाने की बात करती है, लेकिन ऐसे बयान गंभीर सवाल खड़े करते हैं। उन्होंने भाजपा से शहीदों और देश के नागरिकों के सम्मान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता स्पष्ट करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा, आतंकवाद और शहीदों के सम्मान जैसे मुद्दों पर नेताओं को अपने बयानों की जिम्मेदारी समझनी चाहिए। कांग्रेस ने मांग की कि मदन राठौड़ अपने बयान पर स्पष्टीकरण दें और देश की जनता की भावनाओं का सम्मान करें।