मोहनलाल सुखाड़िया की प्रतिमा नहीं लगाए जाने पर कांग्रेस का प्रदर्शन

प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए

 | 
congress

उदयपुर 31 जुलाई 2025। पूर्व मुख्यमंत्री मोहनलाल सुखाड़िया की जयंती के अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। शहर के सुखाड़िया सर्कल स्थित पार्क में कई महीने पहले तेज आंधी और बारिश के दौरान गिर चुकी मोहनलाल सुखाड़िया की प्रतिमा को अब तक पुनः स्थापित नहीं किए जाने को लेकर कांग्रेसजनों ने कलेक्ट्री के बाहर प्रदर्शन कर प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए।

गुरुवार सुबह करीब 11 बजे उदयपुर शहर कांग्रेस कमेटी की ओर से कलेक्ट्री पर प्रदर्शन किया गया। कार्यकर्ताओं ने हाथों में सुखाड़िया की तस्वीरें लेकर नारेबाजी की और कहा कि सरकार और प्रशासन पूर्व मुख्यमंत्री की प्रतिमा के सम्मान को लेकर गंभीर नहीं है।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ के नेतृत्व में हुए इस विरोध प्रदर्शन में पंकज कुमार शर्मा, अजय राव समेत अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। राठौड़ ने कहा कि मोहनलाल सुखाड़िया आधुनिक राजस्थान के निर्माता रहे हैं और उनकी प्रतिमा का अब तक उसी स्थान पर पुनःस्थापन न किया जाना प्रशासन की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।

राठौड़ ने यह भी सवाल उठाया कि जब एक पूर्व मुख्यमंत्री की प्रतिमा को लेकर इतनी उदासीनता बरती जा रही है, तो आमजन के मामलों में सरकार से क्या उम्मीद की जा सकती है। उन्होंने मांग की कि जल्द से जल्द प्रतिमा को पहले की तरह स्थापित किया जाए और दोषी अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।

गौरतलब है कि अप्रैल माह में आई तेज आंधी और बारिश के दौरान सुखाड़िया सर्कल स्थित पार्क में लगे पेड़ के गिरने से प्रतिमा भी धराशायी हो गई थी। तब से लेकर अब तक उसे न तो हटाया गया और न ही उसकी जगह नई प्रतिमा स्थापित की गई है।