उदयपुर में डॉक्टर की करंट लगने से मौत के बाद बढ़ा विवाद
रेजिडेंट डॉक्टर्स की हड़ताल से मरीज परेशान
उदयपुर 20 जून 2025 । रवीन्द्रनाथ टैगोर मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में डॉक्टर की करंट लगने से हुई मौत के बाद हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। डॉक्टर की मौत से आक्रोशित एमबी हॉस्पिटल से जुड़े 600 से अधिक रेजिडेंट डॉक्टर्स गुरुवार से हड़ताल पर हैं। शुक्रवार को भी विरोध जारी रहा और डॉक्टर्स ने काम पर लौटने से इनकार कर दिया।
रेजिडेंट डॉक्टर्स ने गुरुवार शाम को ही ऐलान कर दिया था कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, वे काम पर नहीं लौटेंगे। हड़ताल का सीधा असर हॉस्पिटल की ओपीडी और मरीजों पर पड़ा है। मरीजों को घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है, कई मामलों में दो से तीन घंटे बाद ही नंबर आ पा रहा है।
जानकारी के अनुसार, मकराना (नागौर) निवासी डॉक्टर रवि शर्मा बुधवार रात दो बजे हॉस्टल के कॉरिडोर में वाटर कूलर से पानी भरते समय करंट की चपेट में आ गए थे। हादसे के समय वे अकेले थे। करंट लगते ही उन्होंने जोर से चिल्लाया और बेहोश हो गए। पास के कमरों में रहने वाले रेजिडेंट्स ने उन्हें सीपीआर दिया और एमबी हॉस्पिटल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रेजिडेंट डॉक्टर्स का कहना है कि वाटर कूलर में करंट की शिकायत पहले भी लिखित रूप में की गई थी, लेकिन कॉलेज प्रशासन ने कोई कदम नहीं उठाया। इसी के विरोध में गुरुवार सुबह सभी रेजिडेंट्स हड़ताल पर चले गए और प्रिंसिपल ऑफिस पर ताला लगा दिया।
एमबी हॉस्पिटल में रोजाना 4 से 5 हजार मरीज ओपीडी में पहुंचते हैं, लेकिन हड़ताल के चलते अब वहां अव्यवस्थाएं हावी हैं। मेडिसिन, सर्जरी, ईएनटी और होम्योपैथिक विभाग में जहां तीन से चार रेजिडेंट्स की ड्यूटी होती थी, वहां अब केवल एक मेडिकल ऑफिसर के भरोसे काम चल रहा है। कुछ ऑपरेशन भी टाले गए हैं।
मरीजों का कहना है कि उन्हें घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है। कोविड पेशेंट दक्ष मूलचंदानी ने बताया कि उन्हें रिपोर्ट दिखानी थी लेकिन दो घंटे से नंबर नहीं आया। रेणु जोशी और विनिता मखीजा ने भी लंबा इंतजार करने की बात कही।
शुक्रवार को जनाना हॉस्पिटल, बच्चों का अस्पताल, टीबी हॉस्पिटल और सैटेलाइट हॉस्पिटल में भी रेजिडेंट्स काम पर नहीं आए। कॉलेज प्रशासन ने 150 फैकल्टी की ड्यूटी लगाई है, लेकिन हड़ताल के कारण व्यवस्थाएं प्रभावित हैं।
प्रिंसिपल ऑफिस के बाहर रेजिडेंट्स का धरना शुक्रवार को भी जारी रहा। उन्होंने पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सच्चाई छिपाने का आरोप लगाया और मोर्चरी में हंगामा भी किया। प्रदर्शन कर रहे डॉक्टर्स ने दोषियों को सजा देने और इस्तीफे की मांग की है।
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
