निगम आयुक्त की खाली भूखंड मालिकों को अपील - अपने भूखंड को नहीं बनने देवे कचरा स्टैंड
7 दिवस में करवानी होगी सफाई, लापरवाही पर निगम लगाएगा 10 गुणा जुर्माना
उदयपुर 25 मई 2026 - नगर निगम क्षेत्र में स्थित खाली भूखंडों में लगातार कचरा डाले जाने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने ऐसे भूखंड मालिकों से अपने-अपने प्लॉटों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने की अपील की है।
निगम प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 7 दिवस की समयावधि में भूखंडों की सफाई नहीं करवाई गई तो संबंधित मालिकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए 10 गुणा तक जुर्माना वसूला जाएगा। नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि शहर के अनेक आवासीय क्षेत्रों में वर्षों से खाली पड़े भूखंड बिना चारदीवारी के खुले पड़े हैं, जिनमें आसपास के लोगों द्वारा कचरा डाला जा रहा है। इससे गंदगी, दुर्गंध एवं अस्वच्छ वातावरण उत्पन्न हो रहा है।
साथ ही मच्छरों एवं बीमारियों के फैलने की आशंका भी बढ़ रही है, जिससे आमजन के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। निगम प्रशासन द्वारा सभी खाली भूखंड मालिकों को निर्देशित किया गया है कि वे आगामी 7 दिवस के भीतर अपने भूखंडों की साफ-सफाई करवाना सुनिश्चित करें तथा आवश्यकतानुसार चारदीवारी या बाड़बंदी करवाएं, ताकि वहां कचरा डालने की प्रवृत्ति पर रोक लगाई जा सके।
निगम ने कहा कि स्वच्छ एवं व्यवस्थित शहर निर्माण में नागरिकों की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है और प्रत्येक भूखंड स्वामी की जिम्मेदारी है कि वह अपनी संपत्ति की नियमित देखरेख करे। आयुक्त खन्ना ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित अवधि में संबंधित प्लॉट स्वामी द्वारा सफाई नहीं करवाई जाती है तो नगर निगम अपने स्तर पर सफाई करवाई जायेगी, इसमें सफाई एवं अन्य कार्यवाही में होने वाला संपूर्ण व्यय संबंधित भूखंड मालिक से वसूला जाएगा। इसके अतिरिक्त नियमानुसार उक्त राशि का 10 गुना तक जुर्माना भी लगाया जाएगा।
आयुक्त ने कहा कि लापरवाही बरतने वाले भूखंड मालिकों के विरुद्ध राजस्थान म्यूनिसिपल एक्ट 2009 की धारा 260 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें तथा खाली भूखंडों को कचरा डालने का स्थान नहीं बनने दें। स्वच्छ शहर सभी की जिम्मेदारी।
निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने कहा कि स्वच्छ, सुरक्षित एवं स्वस्थ शहर का निर्माण हम सब की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि प्रत्येक नागरिक अपने दायित्वों का पालन करेगा तो उदयपुर को स्वच्छ एवं सुंदर शहर बनाए रखने में बड़ी सफलता मिलेगी। निगम प्रशासन द्वारा आगामी दिनों में विशेष निरीक्षण अभियान भी चलाया जाएगा और नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
#UdaipurNews #UdaipurMunicipalCorporation #RajasthanNews #CityCleanliness #SwachhBharat #UrbanSanitation #UdaipurUpdates #MunicipalAction #PropertyOwners #VacantPlots #CleanCityMission #AbhishekKhanna #RajasthanGovernment #PublicHealth #WasteManagement
