नयागांव पंचायत समिति की महिडा पंचायत में भ्र्ष्टाचार के आरोप
उदयपुर 17 फरवरी 2026। खेरवाड़ा विधानसभा के नयागांव तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत नयागांव (वर्तमान महिड़ा) में पिछले छह वर्षों के विकास कार्यों को लेकर विवाद गहरा गया है। ग्रामीणों ने ज़िला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को पत्र लिखकर सत्र 2019-20 से 2025-26 तक के कार्यों की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुल निर्माण में लापरवाही
ग्रामीणों का आरोप है कि पुराने पुल पर महज प्लास्टर कर उसे नया कार्य बताकर राशि उठाई गई। विरोध के बावजूद, जांच पूरी होने से पहले ही ग्राम विकास अधिकारी ने उक्त पुल को तुड़वा दिया, जिससे राहगीरों और मवेशियों के लिए दुर्घटना का खतरा पैदा हो गया है।
जांच में लीपापोती
ग्रामीणों के अनुसार, पूर्व में आए जांच दल बिना दस्तावेजों के औपचारिकता पूरी कर लौट गए। अधिकारियों द्वारा गुणवत्ता में कमी की बात तो स्वीकार की गई, लेकिन रिकॉर्ड की कमी बताकर मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई और तोड़े गए पुल को यथास्थिति में पुन: निर्मित नहीं किया गया, तो आंदोलन तेज किया जाएगा।