गणेश घाटी उदयपुर में पेयजल पाइपलाइन लीकेज को लेकर पार्षद प्रतीक नागर ने दिया धरना
Udaipur Times. Udaipur News: उदयपुर के गणेश घाटी क्षेत्र में मुख्य पेयजल पाइपलाइन में लीकेज के चलते रोजाना साफ पानी सड़कों पर बहकर बर्बाद हो रहा है। लंबे समय से समस्या का समाधान नहीं होने पर वार्ड-15 के पार्षद प्रतीक नागर ने बुधवार को मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। वे करीब तीन घंटे तक मौके पर डटे रहे और स्मार्ट सिटी एजेंसी के कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई।
पार्षद प्रतीक नागर ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से पाइपलाइन लीकेज की समस्या बनी हुई है। उनके लगातार फॉलोअप के बाद कुछ छोटे लीकेज तो ठीक कर दिए गए, लेकिन गणेश घाटी की नानी गली के पास मुख्य पाइपलाइन से पानी का रिसाव अब भी जारी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस समस्या को लेकर 3 नवंबर से लगातार जिम्मेदार अधिकारियों और स्मार्ट सिटी एजेंसी को अवगत कराया जा रहा है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ। दीपावली के बाद भी मरम्मत कार्य में देरी की जा रही है। बार-बार चक्कर लगाने के बावजूद काम नहीं होने से क्षेत्र के लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
पार्षद ने बताया कि पाइपलाइन लीकेज से एक ओर साफ पेयजल बर्बाद हो रहा है, वहीं सड़क पर पानी जमा होने से राहगीरों और वाहन चालकों को भी परेशानी हो रही है। गीली सड़क पर फिसलकर कई लोग गिर भी चुके हैं।
प्रतीक नागर के अनुसार, अधिकारियों ने अब मरम्मत कार्य में तेजी लाने और गुरुवार तक पाइपलाइन को पूरी तरह दुरुस्त करने का आश्वासन दिया है।