विवादित पर्चे मिलने पर डबोक क्षेत्रवासियों में आक्रोश

पुलिस ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया

 | 
objectional pamplet

उदयपुर 24 सितंबर 2025। नवरात्रि पर्व के दौरान ज़िले के डबोक इलाके में दुकानों के बाहर विवादित पर्चे डालने का मामला सामने आया है। इन पर्चों में मूर्ति पूजा का विरोध करते हुए कई आपत्तिजनक बातें लिखी गई हैं। पर्चे मिलने के बाद क्षेत्रवासियों में आक्रोश फैल गया है।

जानकारी के अनुसार, पर्चों पर क्रॉस का चिन्ह बना हुआ है और नीचे "क्रिश्चियन कल्चरल सेंटर जलपाईगुड़ी" लिखा गया है। इससे स्थानीय लोगों में असंतोष और गुस्सा बढ़ गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सर्व हिन्दू समाज के प्रतिनिधि डबोक थाने पहुंचे और पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए मामला दर्ज करवाया।

पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि पर्चे डालने वालों की पहचान की जा सके।

इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और भरोसा दिलाया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News