अजमेर मंडल के रेलकर्मियों ने 5 घंटे से भी कम समय में पुनः रेल संचालन युक्त बनाया क्षतिग्रस्त उदयपुर- अहमदाबाद रेल मार्ग को

रेल आवागमन सुचारू रूप से चालू

 | 
railway track

उदयपुर 14 नवंबर 2022 । अजमेर मंडल के रेल अधिकारियों व कर्मचारियों ने रविवार को क्षति पहुंचाए गए उदयपुर-हिम्मतनगर रेल मार्ग पर स्थित ओड़ा पुल पर विपरीत परिस्थितियों के बावजूद अथक प्रयासों से रात्रि 10.45 बजे से 03.38 बजे की अवधि में अर्थात 5 घंटे से भी कम समय में पुनः दुरुस्त कर दिया गया। 

रात्रि का समय और पुल होने के कारण जगह के अभाव के बावजूद रेल कर्मचारियों ने कुशलता पूर्वक कार्य करते हुए ट्रैक को पुनः रेल संचालन युक्त बनाया। 

मंडल रेल प्रबंधक राजीव धनखड़ के निर्देशन और अपर मंडल रेल प्रबंधक बलदेव राम के नेतृत्व में जो टीम बनाई गई उसमें चीफ इंजीनियर ब्रिज मनोज गर्ग, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर श्रीमती प्रियंका मीना, उप मुख्य इंजीनियर निर्माण-उदयपुर मयंक गुप्ता, मंडल सुरक्षा आयुक्त अमिताभ, एक्सईएन/ब्रिज पी.एस.सोम, सहायक इंजीनियर डूंगरपुर ओम प्रकाश सोंगर तथा क्षेत्रीय प्रबंधक उदयपुर बद्री प्रसाद स्वामी शामिल थे। 

इस कार्य के अंतर्गत गर्डर की मरम्मत, फ्लेंज सेटिंग, फाइन ट्यूनिंग, स्लीपर प्लेसिंग, स्लीपर स्पेसिंग और फास्टनिंग, रेल प्लेसिंग, प्लेट प्लेसिंग और एंड प्लेट फास्टिंग जैसे इंजीनियरिंग व तकनीकी कार्य किये गये।

रेलवे अधिकारियों, इंजीनियरों और कर्मचारियों की टीम ने रात्रि 10:45 बजे आईजी /एटीएस द्वारा साइट निरीक्षण के पश्चात रेलवे को ट्रैक हैंड ओवर करने के पश्चात रात्रि 3:38 बजे ट्रैक को ओके कर रात्रि 3:50 बजे इंजन ट्रायल किया गया जो की सफल रहा। उसके पश्चात प्रातः 8:30 बजे एक मालगाड़ी का भी संचालन इस मार्ग से किया गया तत्पश्चात प्रातः 11:35 बजे असारवा- उदयपुर यात्री गाड़ी भी इस मार्ग से गुजरी और उदयपुर पहुंची।  

मंडल रेल प्रबंधक राजीव धनखड़ ने रेल कर्मचारियों अधिकारियों को सफलतापूर्वक अल्प समय में ट्रैक दुरुस्त किया जाने के कार्य की सराहना की जबकि  इस प्रकार से ट्रैक को  हानि पहुंचाने के कृत्य की घोर भर्त्सना की और जांच एजेंसियों द्वारा बहुत जल्दी ऐसा करने वालो के पकड़े जाने की उम्मीद जताई।
 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News