विश्व खाद्य दिवस पर दाऊदी बोहरा समाज की अनूठी पहल, जनरल हॉस्पिटल में मरीजों के परिजनों को कराया भोजन

 | 
Dawoodi Bohra Project Rice

 

Udaipur Times, Udaipur News: उदयपुर के शिया दाऊदी बोहरा समाज के ईज़ी एवं मोय्यदपुरा मोहल्ला की ओर से विश्व खाद्य दिवस के अवसर पर प्रोजेक्ट राइस के तहत उदयपुर के जनरल हॉस्पिटल में मरीजों के परिजनों के लिए भोजन वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस पहल के माध्यम से जरूरतमंदों की सहायता करने के साथ समाज में सेवा, सहयोग और परोपकार की भावना को प्रोत्साहित किया गया।

बोहरा समाज के सदस्य हसन हामिद ने बताया कि अस्पताल में भर्ती मरीजों के साथ रहने वाले परिजनों को भोजन उपलब्ध कराया गया। अस्पताल में मरीजों की देखभाल के दौरान परिजनों को कई बार भोजन और अन्य आवश्यकताओं के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में समाज की ओर से की गई यह पहल उनके लिए मददगार साबित हुई।

कार्यक्रम में आमिल शेख मोहम्मद भाई साबिर सहित मोय्यदपुरा मोहल्ला जमात के सदस्य एवं ईज़ी मोहल्ला के तोलोबा सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। सभी सदस्यों ने मिलकर भोजन वितरण कार्य को सफल बनाया और जरूरतमंदों की सेवा में योगदान दिया।

विश्व खाद्य दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से दाऊदी बोहरा समाज ने यह संदेश दिया कि जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराना केवल सामाजिक जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि मानवता के प्रति संवेदनशीलता का प्रतीक भी है। समाज की इस पहल ने सेवा, भाईचारे और सामुदायिक सहभागिता की भावना को मजबूत करने के साथ जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आने की प्रेरणा दी।

 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News