Udaipur Times, Neemrana News, Rajasthan News: प्रदेश के राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने मंगलवार को राइजिंग नीमराणा कार्यक्रम के तहत नीमराणा इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (NIA) के NIA/MG भवन का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर उन्होंने NIA सर्किल, NIA लेन एवं पर्यावरण मार्ग का शिलान्यास भी किया। कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने NIA के सभागार में क्षेत्र के उद्योगपतियों के साथ संवाद कर औद्योगिक विकास, सरकारी पहलों और नीमराणा की औद्योगिक महत्ता पर चर्चा की।
इस दौरान राज्यपाल श्री बागडे ने औद्योगिक विकास को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों एवं पहलों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उद्योग जगत प्रदेश की आर्थिक प्रगति और रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। नीमराणा जैसे प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र का राज्य की अर्थव्यवस्था में विशेष महत्व है। औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के साथ आधारभूत सुविधाओं का विकास तथा सरकार और उद्योग जगत के बीच बेहतर समन्वय भी आवश्यक है।
राज्यपाल श्री बागडे ने उद्योग जगत के योगदान और औद्योगिक विकास की संभावनाओं के संदर्भ में नीमराणा की भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि एनआईए भवन की पहल एसोसिएशन की गतिविधियों के संचालन और क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं।