उदयपुर में 2 करोड़ की रिश्वत मामले में गिरफ्तार SOG ASP मुकेश सोनी की संपत्ति जांच की मांग
Udaipur Times, Udaipur News: उदयपुर मे 2 करोड़ रुपए की रिश्वत मामले में गिरफ्तार SOG के ASP मुकेश सोनी को लेकर श्रीराम सेना मेवाड़ ने मंगलवार को एसीबी महानिरीक्षक के नाम SP को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में ASP मुकेश सोनी की संपत्ति की जांच कराने और उन्हें नौकरी से स्थायी रूप से बर्खास्त करने की मांग की गई।
श्रीराम सेना प्रमुख उमेश नागदा ने कहा कि देश में भ्रष्टाचार को लेकर बने कानूनों में संशोधन की आवश्यकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के मामलों में अधिकारी पकड़े जाने के बाद कई बार बहाल होकर दोबारा सेवा में लौट आते हैं और उन्हें प्रमोशन तक मिल जाता है।
नागदा ने कहा कि आम लोगों को सरकारी विभागों में काम करवाने के लिए परेशान होना पड़ता है और गरीबों से भी पैसे लिए जाने की शिकायतें सामने आती रहती हैं। उन्होंने मांग की कि भ्रष्टाचार के गंभीर मामलों में दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए और उन्हें नौकरी से स्थायी रूप से बर्खास्त किया जाना चाहिए।
श्रीराम सेना ने ज्ञापन के माध्यम से एएसपी मुकेश सोनी की आय से अधिक संपत्ति सहित उनकी चल-अचल संपत्तियों की जांच कराने की भी मांग की। संगठन ने भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त कानून बनाने की मांग उठाई।
ज्ञापन देने वाले प्रतिनिधिमंडल में सेना संभाग प्रभारी संजय बजाज, जिला अध्यक्ष प्रकाश सिंह सोलंकी, जिला महामंत्री राजेंद्र सिंह राणा, दीपक सिंह चौहान और महानगर अध्यक्ष कैलाश मेघवाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।