डेरा सच्चा सौदा अनुयायियों ने की उदयपुर के प्रमुख स्थानों पर सफाई

उपमहापौर सिंघवी ने की शुरुआत 

 | 
dera saccha sauda

उदयपुर। शनिवार को डेरा सच्चा सौदा अनुयायियों ने उदयपुर शहर के विभिन्न स्थानों पर सफाई कर एक नया उदाहरण प्रस्तुत किया है, इस कार्यक्रम की शुरुआत नगर निगम उप महापौर एवं स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष पारस सिंघवी द्वारा की गई।

नगर निगम उप महापौर एवं स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष पारस सिंघवी ने बताया कि शनिवार को डेरा सच्चा सौदा के 1000 से भी ज्यादा अनुयायियों द्वारा शहर की सफाई व्यवस्था की शुरुआत की गई। डेरा सच्चा सौदा एक सामाजिक संगठन है जो समाज सुधार को लेकर विभिन्न कार्यक्रम का आयोजन करता है। इसी के क्रम में उदयपुर शहर में भी सफाई अभियान के कार्यक्रम का आयोजन रखा गया। 

शनिवार को शहर के विभिन्न इलाकों में सफाई व्यवस्था की शुरुआत की गई। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 10:00 बजे नगर निगम प्रांगण से किया गया। उसके पश्चात अनुयायियों द्वारा शहर के विभिन्न हिस्सों में सफाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। अनुयायियों द्वारा अलग अलग ग्रुप में विभाजित होकर सविना से परशुराम चौराहा, सविना से सेक्टर 6 रोड, सविना से रेती स्टैंड, उदयपुर केंद्रीय बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन परिसर एवं बाहर की रोड, महाराणा भूपाल चिकित्सालय, मुल्ला तलाई, सेवा भारती चिकित्सालय के पास आदि क्षेत्रों में सफाई अभियान शुरू किया गया जो देर सायं तक चलता रहा।

सफाई अभियान कार्यक्रम में नगर निगम स्वास्थ्य अधिकारी सत्यनारायण शर्मा स्वास्थ्य निरीक्षक सुभाष चंद्र शर्मा सभी सेक्टर प्रभारी सहित सभी कर्मचारी उपस्थित रहे।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News