आयुर्वेदिक डॉक्टर और योग ट्रेनर महिला के बीच विवाद
उदयपुर 1 सितंबर 2025। सुखेर थाना क्षेत्र में आयुर्वेदिक डॉक्टर और योग ट्रेनर महिला के बीच विवाद के मामले में नया मोड़ सामने आया है। योग ट्रेनर महिला ने आयुर्वेदिक डॉक्टर पर छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए पुलिस में मामला दर्ज कराया है।
इससे पहले आयुर्वेदिक डॉक्टर ने भी योग ट्रेनर, उसके पति और भाई के खिलाफ मारपीट व राजकार्य में बाधा पहुंचाने का मामला दर्ज करवाया था। अब दोनों ओर से क्रॉस केस दर्ज होने से पुलिस जांच में जुट गई है।
पीड़िता ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 2 जून 2025 को वह अपने ऑफिस में मौजूद थी। उसी दौरान सूचना मिली कि ऑफिस निरीक्षण के लिए अधिकारी आने वाले हैं, जिस पर उसे रुकना पड़ा। निरीक्षण पूरा होने के बाद जब वह सामान लेने ऑफिस गई तो वहां आयुर्वेदिक डॉक्टर अकेला था। आरोप है कि डॉक्टर ने उसे जबरदस्ती रोका और छेड़छाड़ की। महिला किसी तरह वहां से बचकर निकली और सीधे थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला को ऑफिस में नियमानुसार कार्य नहीं करने और लेट रिपोर्टिंग करने पर दो बार नोटिस भी जारी हो चुका है।
#Dispute #Molestation #YogaTeacherWoman #AyurvedicDoctor #Udaipur #UdaipurTimes
