चित्तौड़गढ़ मे कागज की फरियां उड़ाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद

 | 
Dispute in Chittorgarh

 

Udaipur Times, Chittorgarh News: चित्तौड़गढ़ शहर में बुधवार को एक आयोजन के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। कागज की फरियां उड़ाने को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद मौके पर पुलिस और प्रशासन ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराया। एहतियात के तौर पर इलाके में अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया।

जानकारी के अनुसार, आयोजन के दौरान एक पक्ष की ओर से कागज की फरियां उड़ाई गईं। इस पर दूसरे पक्ष ने आपत्ति जताते हुए फरियां उड़ाने से मना किया। इसके बावजूद दोबारा फरियां उड़ाए जाने के बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बातचीत की और मामला शांत कराया।

शाम करीब 4 बजे के बाद विवाद की स्थिति बनने पर सदर बाजार और ढूंचा बाजार के कई व्यापारियों ने एहतियात के तौर पर अपनी दुकानें बंद कर दीं। पुलिस की मौजूदगी बढ़ने के बाद इलाके में स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो गई।

विवाद के बाद नगर परिषद की टीम भी मौके पर पहुंची। सफाई कर्मचारियों ने पूरे मार्ग की सफाई कर रास्ते को सामान्य किया। प्रशासन का कहना है कि किसी तरह की गलतफहमी या विवाद आगे नहीं बढ़े, इसलिए तत्काल सफाई करवाई गई।

पुलिस और प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मामले को लेकर जो भी शिकायत मिली है, उसकी नियमानुसार जांच की जाएगी और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

एसपी धर्मेंद्र सिंह ने लिया जायजा

घटना की सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि स्थिति पूरी तरह सामान्य है। एसपी ने व्यापारियों से भयमुक्त होकर अपनी दुकानें खोलने और रक्षाबंधन का त्योहार शांति एवं सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।

एसपी ने आमजन और सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं से भी अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाह या अपुष्ट जानकारी पर भरोसा न करें और बिना पुष्टि के कोई सूचना सोशल मीडिया पर प्रसारित न करें।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News