1 अक्टूबर से पहले करे यह काम, नहीं तो बंद हो जाएगी LPG पर सब्सिडी

 | 
Domestic LPG Subsidy

 

 

 

Udaipur Times, Domestic LPG: जिन उपभोक्‍ताओं ने अभी तक बायोमेट्रिक आधार प्रमाणीकरण (BAA) पूरा नहीं किया है, वे 1 अक्टूबर 2026 से पहले इसे पूरा कर लें। क्योंकि 1 अक्टूबर 2026 से सब्सिडी वाले घरेलू LPG उपभेक्‍ताओं को खुदरा बिक्री मूल्य (Retail Selling Price) पर रिफिल बुक करने के लिए बायोमेट्रिक आधार प्रमाणीकरण (BAA) पूरा करवाना आवश्यक है नहीं तो सब्सिडी वाले घरेलू LPG रिफिल नहीं हो पाएगी।

BAA से यह सुनिश्चित होता है कि सब्सिडी वाली LPG केवल वास्‍तविक और योग्‍य परिवारों तक पहुंचे। प्रत्‍येक कनेक्शन को आधार-प्रमाणित उपभोक्‍ता से जोड़ने से सब्सिडी वाले घरेलू सिलेंडरों का वाणिज्यिक और औद्योगिक इस्तेमाल के लिए डायवर्जन रोकने में मदद मिलती है, डुप्लीकेट और अयोग्य कनेक्शन हटते हैं और सब्सिडी पहुंचाने का तरीका पारदर्शी तथा सही लोगों तक पहुंचने वाला बनता है। इस प्रक्रिया का उद्देश्‍य किसी भी वास्‍तविक परिवार को एलपीजी से वंचित करना नहीं है और प्रत्‍येक योग्य उपभोक्‍ता इसे कई आसान तरीकों से पूरा कर सकते हैं।

1 अक्टूबर 2026 से क्या बदलाव होंगे

जिन उपभोक्‍ताओं ने पहले ही BAA पूरा कर लिया है, उन्हें इसे दोबारा करने की ज़रूरत नहीं है। उनको रिफिल पहले की तरह ही मिलते रहेंगे।

जिन उपभोक्‍ताओं ने BAA पूरा नहीं किया है, उनके लिए प्रमाणीकरण पूरा होने के बाद सब्सिडी के साथ आरएसपी पर रिफिल बुकिंग शुरू हो जाएगी।

BAA कैसे पूरा करें

रिफिल डिलीवरी के दौरान: डिलीवरी करने वाला व्यक्ति OMC mobile apps का इस्तेमाल करके मौके पर ही प्रमाणीकरण पूरा कर सकता है। या फिर उपभोक्‍ता अपने LPG डिस्ट्रीब्यूटर्स के पास जाकर वहां प्रमाणीकरण पूरा कर सकते हैं।

OMC mobile apps पर उपभोक्‍ता घर बैठे स्‍वयं यह प्रक्रिया पूरा कर सकते हैं, इसके लिए इस्तेमाल करें: Indane उपभोक्‍ताओं के लिए IndianOil ONE, भारत गैस उपभोक्‍ताओं के लिए HelloBPCL, HP गैस उपभोक्‍ताओं के लिए HP PAY पर स्‍वयं e-KYC पूरा करने के बारे में वीडियो ट्यूटोरियल PMUY पोर्टल पर उपलब्ध है।

जो उपभोक्‍ता BAA पूरा नहीं करना चाहते, उनके लिए विकल्प

जो उपभोक्‍ता BAA पूरा करने के इच्छुक या सक्षम नहीं हैं, वे भी LPG ले सकते हैं। उन्हें अपनी OMC के डिजिटल चैनलों-जैसे कंज्यूमर वेब पोर्टल, मोबाइल ऐप, वॉट्सएप चैटबॉट, IVRS या अन्य उपलब्ध चैनलों - पर इस विकल्प को रजिस्टर करना होगा।

इन उपभोक्‍ताओं को OMC के पास स्थानीय उपलब्धता के आधार पर, बिना किसी सब्सिडी के, लागू बाजार मूल्य पर 5 किलो  या 10 किलो के सिलेंडर में LPG की आपूर्ति की जाएगी।

अब तक की प्रगति

19 सितंबर 2026 तक, 27.43 करोड़ सक्रिय घरेलू LPG उपभोक्‍ताओं ने BAA पूरा कर लिया है, जो 89.9% कवरेज है। उपभोक्‍ताओं से पहले 30 जून 2026 तक BAA पूरा करने के लिए कहा गया था। ग्राहकों को अधिक समय देने के लिए समय-सीमा कई बार 31 जुलाई, 7 अगस्त, 15 अगस्त, 23 अगस्त, 31 अगस्त, 7 सितंबर और अंत में 14 सितंबर 2026 तक बढ़ाई गई।

अक्टूबर 2023 से, ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMC) ने देशव्यापी आउटरीच अभियान चलाया है। 12 करोड़ से अधिक SMS और वॉट्सएप संदेश भेजे गए हैं। वितरकों और डिलीवरी कर्मचारियों ने उन उपभोक्‍ताओं से व्यक्तिगत रूप से संपर्क किया है, जिन्होंने अभी तक प्रमाणीकरण नहीं कराया है। वितरक की दुकान, अधिक लोगों के आने-जाने वाले स्थानों और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष शिविर आयोजित किए गए हैं। रिफिल बुकिंग के दौरान IVRS प्रॉम्प्ट, मोबाइल नोटिफिकेशन और अभियानों के लिए सोशल मीडिया, समाचार पत्रों तथा अन्य चैनलों का भी उपयोग किया गया है।

LPG सब्सिडी की लागत

घरेलू LPG को लागत से कम कीमत पर बेचा जाता है। सितंबर 2026 के लिए निहित सब्सिडी प्रति 14.2 किलो सिलेंडर लगभग 210 रुपए है, जून 2026 में यह 721 रुपए प्रति सिलेंडर तक पहुंच गई थी।

घरेलू LPG को किफायती बनाए रखने के लिए, सरकार ने वित्‍त वर्ष 2022-23 में OMC को 22,000 करोड़ रुपए का मुआवज़ा दिया और वित्‍त वर्ष 2025-26 तथा वित्‍त वर्ष 2026-27 के दौरान 30,000 करोड़ रुपए का भुगतान कर रही है। इसके बावजूद, 31 अगस्त 2026 तक घरेलू LPG पर सार्वजनिक क्षेत्र की OMC की कुल लागत और बिक्री मूल्य का अंतर 62,000 करोड़ रुपए से अधिक हो गया। सब्सिडी को बनाए रखने के लिए यह आवश्‍यक है कि यह केवल वास्‍तविक उपभोक्‍ताओं तक ही पहुंचे।

1 अक्टूबर से पहले BAA पूरा करें

जिन उपभोक्‍ताओं ने अभी तक BAA पूरा नहीं किया है, उनसे अनुरोध है कि वे शहरी और ग्रामीण दोनों इलाकों में उपलब्ध ऊपर बताए गए किसी भी माध्यम से 1 अक्टूबर 2026 से पहले इसे पूरा कर लें।

LPG सेवाओं से जुड़ी सहायता के लिए, उपभेक्‍ता टोल-फ्री हेल्पलाइन 1800 2333 555 पर कॉल कर सकते हैं।

 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News