उदयपुर में 10 घंटे तक नाली में फंसा रहा कुत्ता, फायर ब्रिगेड टीम ने किया रेस्क्यू
Udaipur Times, Udaipur News: उदयपुर नगर निगम के पास एक दुकान की सीढ़ियों के नीचे बनी संकरी नाली में फंसे कुत्ते को फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला। कुत्ता करीब 10 घंटे से नाली में फंसा हुआ था। घटना बीती देर रात की है।
जानकारी के अनुसार, नाली में फंसे कुत्ते के लगातार चीखने की आवाज सुनकर दुकानदार जयवंत भैरविया सहित अन्य व्यापारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कुत्ते को बाहर निकालने की काफी कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाया गया।
चीफ फायर ब्रिगेड ऑफिसर बाबूलाल चौधरी के निर्देशन में टीम ने सावधानीपूर्वक सीढ़ियों के नीचे बने रैंप को तोड़ा और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद कुत्ते को बाहर निकाल लिया। कुत्ते की पीठ और पैर में चोटें आई थीं।
इसके बाद इलाज के लिए एनिमल एड टीम को बुलाया गया और घायल कुत्ते को उनके सुपुर्द कर दिया गया। आग बुझाने की जिम्मेदारी निभाने वाली फायर ब्रिगेड टीम ने इस बार एक बेजुबान की जान बचाकर सराहनीय काम किया।