दूरदर्शन की मशहूर न्यूज रीडर सरला माहेश्वरी का निधन

उनका शुद्ध हिंदी उच्चारण और खबरों को बिना किसी नाटकीयता के पेश करने का अंदाज उन्हें अलग बनाता था।
 | 

नई दिल्ली 12 फ़रवरी 2026 । अस्सी और नब्बे के दशक में दूरदर्शन की मशहूर न्यूज रीडर सरला माहेश्वरी का 71 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। उनके निधन को टीवी पत्रकारिता के एक स्वर्णिम युग का अंत कहा जा रहा है। 

सरला माहेश्वरी के परिवार ने एक पोस्ट के जरिए अंतिम संस्कार की जानकारी दी। इसके मुताबिक 12 फरवरी को शाम 4 बजे निगम बोध घाट, दिल्ली में होगा। 

सरला माहेश्वरी जी को उनके अंदाज के लिए हमेशा याद किया जाएगा। उनकी आवाज और खबर पढ़ने का एक अलग ही अंदाज था जिसमे शांति और भरोसा था जो दर्शकों को अपनी तरफ आकर्षित करता था। सरला ने उस दौर में समाचार पढ़ने को एक संस्कारी और सम्मानित पहचान दी। यह वो समय था जब एंकर ही खबर की विश्वसनीयता हुआ करते थे। 

उल्लेखनीय है कि सरला माहेश्वरी को उनकी शालीनता, माथे पर गोल बिंदी और सलीके से पहनी गई साड़ियों के लिए भी जाना जाता था। उन्होंने 1980 के दशक में दूरदर्शन के साथ अपना सफर शुरू किया। सलमा सुल्तान, मीनू तलवार और गीतांजलि अय्यर जैसे दिग्गजों के साथ सरला माहेश्वरी भी दूरदर्शन की एक 'आइकॉनिक' एंकर बनीं। उनका शुद्ध हिंदी उच्चारण और खबरों को बिना किसी नाटकीयता के पेश करने का अंदाज उन्हें अन्य एंकर्स से अलग बनाता था।

Source: Media Reports