डॉ इकबाल सक्का ने सोने चांदी से निर्मित विश्व के सबसे छोटे मक्का मदीना की कलाकृति बनाई
Udaipur Times, Udaipur News: उदयपुर के अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण शिल्पी डॉ. इकबाल सक्का ने एक और विश्व रिकॉर्ड अपने नाम करते हुए ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर सोने चांदी से निर्मित विश्व के सबसे छोटे मक्का और मदीना की कलाकृतियों का निर्माण किया है। ये कलाकृतियाँ मूंग के दाने के बराबर मात्र 1 मिलीमीटर आकार की है और इन्हे सूक्ष्म लेंस की मदद से ही देखा जा सकता है।
डॉ. सक्का ने सोने से खाना-ए-काबा तैयार किया है। इसमें मीनारों के साथ सोने का दरवाजा भी बनाया गया है। खाना-ए-काबा को उन्होंने काली मखमल पर अपने द्वारा डिजाइन की गई काली पोशाक से सजाकर हूबहू काबा शरीफ जैसा रूप दिया है।
डॉ. सक्का ने बताया कि मक्का शरीफ के दरवाजे की पूर्वी दीवार में चांदी की फ्रेम में जड़ा हुआ "संग-ए-अस्वद" यानी जन्नती पत्थर लगा हुआ है। इसी आधार पर उन्होंने भी चांदी से बने विश्व के सबसे छोटे मक्का के दरवाजे में सऊदी अरब से लाए गए एक छोटे पत्थर की बारीक कटिंग कर, उसे चांदी की फ्रेम में जड़कर लगाया है। लेंस से देखने पर ही चांदी की फ्रेम में यह पत्थर दिखाई देगा।
इसके साथ ही 1 मिलीमीटर आकार का मदीना शरीफ भी बनाया गया है, जिसमें मीनारें और हरे रंग का गुम्बद सजाया गया है साथ में गुंबदे खिजरा के ऊपर छोटी सी खिड़की भी बनाई गई है जो लेंस से देखने पर हूबहू मदीना-ए-मुनव्वरा जैसा प्रतीत होती है।
इन आश्चर्यजनक कलाकृतियों के साथ सऊदी अरब का राष्ट्रीय ध्वज, जिस पर "ला इलाहा इल्लल्लाह" अरबी में अंकित है, और भारत का तिरंगा भी लहराते हुए दर्शाया गया है।
डॉ. सक्का इन अनमोल कलाकृतियों को 140 करोड़ भारतीयों की ओर से सऊदी अरब के युवराज एवं प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन सलमान को भेंट करना चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने दिल्ली स्थित सऊदी अरब दूतावास के महामहिम राजदूत को पत्र लिखा है। साथ ही एक पत्र सऊदी अरब के प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन सलमान को भी प्रेषित किया है। चांदी के मक्का मदीने के मॉडल बनाने में 7 दिन का समय लगा व दो ग्राम चांदी और 100 मिलीग्राम सोने का इस्तेमाल हुआ है।
