डॉ. मोहित मछार की संदिग्ध मौत मामले में निष्पक्ष जांच की मांग तेज
चिकित्सकों ने IG उदयपुर को सौंपा ज्ञापन
उदयपुर 23 अप्रैल 2026। बांसवाड़ा निवासी डॉ. मोहित मछार की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु के मामले में निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग को लेकर चिकित्सक समुदाय में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में चिकित्सकों एवं समाज के प्रतिनिधियों द्वारा महानिरीक्षक पुलिस, उदयपुर रेंज को ज्ञापन सौंपकर मामले की गंभीरता से जांच कराने की मांग की गई।
ज्ञापन में बताया गया कि डॉ. मोहित मछार दिनांक 15 अप्रैल 2026 को प्रतापगढ़ जिले के पीपलखूंट क्षेत्र के ग्राम बोरी में एक विवाह समारोह में सम्मिलित होने गए थे, जहाँ से वे संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे। बाद में उनका शव एक कुएँ में अत्यंत संदिग्ध अवस्था में मिलने से परिजनों एवं चिकित्सक समुदाय में गहरा आक्रोश व्याप्त है।
डॉ. विकास बामनिया, वाइस प्रेसिडेंट, Doctors Welfare Federation ने इस अवसर पर कहा कि यह घटना अत्यंत गंभीर एवं चिंताजनक है तथा पूरे चिकित्सक समुदाय में असुरक्षा की भावना उत्पन्न कर रही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच विशेष जांच दल (SIT) से करवाई जाए, जांच को समयबद्ध एवं पारदर्शी बनाया जाए तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि मृतक के परिजनों को शीघ्र न्याय दिलाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और चिकित्सक समुदाय इस मामले में न्याय मिलने तक अपनी आवाज उठाता रहेगा।
चिकित्सक समुदाय ने चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र न्यायोचित कार्रवाई नहीं होती है तो आगामी समय में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
#UdaipurNews #RajasthanNews #Banswara #Pratapgarh #DoctorSafety #JusticeForDoctor #MedicalCommunity #BreakingNewsRajasthan #UdaipurUpdates #SITProbe #HealthcareIndia
