Dungarpur: नवनियुक्त जिला कलक्टर देशलदान ने संभाला पदभार
डंगरपुर की खबरें पढ़े Udaipur Times पर
डूंगरपुर,बुधवार दिनांक 01 अप्रैल 2026
1. नवनियुक्त जिला कलक्टर देशलदान ने संभाला पदभार
राज्य सरकार के निर्देशों के अनुपालना में नवनियुक्त जिला कलक्टर देशलदान ने बुधवार को डूंगरपुर जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट डूंगरपुर का पदभार ग्रहण किया। पद भार ग्रहण करने के पश्चात मीडिया से रूबरू होते हुए उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना, जनजाति क्षेत्र की प्राथमिकताओं के अनुसार विकास कार्यों एवं योजनाओं को गति प्रदान करना, क्षेत्र की जरूरत के मुताबिक नवाचार करना, जिले में एनीमिया के चल रहें अभियान को गति प्रदान करना प्राथमिकता रहेंगी।
इसके साथ ही डूंगरपुर जिला ने क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर अपना स्थान बनाया है, उसे बरकरार रखते हुए बेहतरीन कार्य किया जाएगा। इस अवसर पर निवर्तमान जिला कलक्टर अंकित कुमार सिंह ने उन्हें कार्यभार सौंपा। ज्ञातव्य है कि आईएएस देशलदान भारतीय प्रशासनिक सेवा 2018 बैच से है । इससे पूर्व वे अजमेर नगर निगम में आयुक्त के पद पर कार्यरत थे। वे डूंगरपुर के 67वें जिला कलक्टर होंगे।
2.माह अप्रैल में आयोजित होने वाले त्रिस्तरीय जनसुनवाई कार्यक्रम जारी
राज्य सरकार के निर्देशानुसार त्रिस्तरीय जनसुनवाई एवं परिवेदनाओं के निस्तारण के संबंध में जारी दिशा निर्देश प्रदान किए गए है। अति जिला कलक्टर दिनेश चन्द्र धाकड़ ने बताया कि जारी जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत माह 2 अप्रैल 2026 को जिले के प्रत्येक ग्राम पंचायत में ग्राम पंचायत स्तरीय जनसुनवाई प्रातः 11 से 02 बजे तक एवं द्वितीय गुरूवार 09 अप्रैल 2026 को जिले के प्रत्येक उपखण्ड में अटल जन सेवा शिविर 10 से 4.30 तक जनसुनवाई समाप्त होने तक वी.सी. के माध्यम से किया जाएगा। जनसुनवाई शिविरों के आयोजन का पर्याप्त प्रचार-प्रसार करे। शिविरों में प्राप्त परिवेदनाआंे को तीन दिवस में संपंर्क पोर्टल पर भी दर्ज किया जाना सुनिश्चित करें।
3. जिला स्तरीय फर्टिलाईजर ड्रिस्ट्रीब्यूशन रेगुलेटरी टॉस्क फोर्स एवं “धरती माता बचाओ अभियान“ का निगरानी समिती का गठन
मुख्य कार्यकारी अधिकारी हनुमान सिंह राठौड के अध्यक्षता में कार्यालय उप निदेशक कृषि एवं पदेन परियोजना निदेशक के आत्मा सभागार में जिला स्तरीय फर्टिलाईजर ड्रिस्ट्रीब्यूशन रेगुलेटरी टॉस्क फोर्स एवं “धरती माता बचाओ अभियान“ अन्तर्गत जिला स्तरीय समीक्षा एवं निगरानी समिती का गठन किया गया ।
जिसमें जिले में उर्वरको की मांग का समय पर आंकलन, कृषकों की मांग अनुसार समान रूप से उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, उर्वरकों का संतुलित एवं विवेकपूर्ण उपयोग करने एवं अनुदानित उर्वरकों का औद्यौगिक प्रयोग, राज्य से बाहर परिगमन रोकने एवं धरती माता बचाओं अभियान अन्तर्गत रसायनिक उर्वरकों वैकल्पिक संसाधनों जैसे- हरी खाद, वर्मी कम्पोस्ट, जैव उर्वरक, प्राकृतिक खेती की विधियां, जैविक कृषि विधियां,मृदा स्वास्थ्य कार्ड की सिफारीश के आधार पर खाद एवं उर्वरक के उपयोग को बठावा देना,फसल चक्र में दलहनी फसलों को समावेशित करना एवं डीएपी के स्थान पर 3 बैग एसएसपी़़़ $ 1 बैग यूरिया व एनपीके के उपयोगिता की विस्तृत जानकारी देकर कृषकों को जागरूक कराने के उद्देश्य से जिला स्तरीय समीक्षा एवं निगरानी समिति का गठन कर जिसकी समीक्षात्मक बैठक का आयोजन किया गया ।
4. राज्यसभा में सांसद चुन्नीलाल गरासिया ने “धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान” पर उठाई जनजातीय क्षेत्रों की समस्याएं
नई दिल्ली उदयपुर दिनांक 01 अप्रेल 2026। राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया ने आज राज्यसभा में “धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान” पर अपनी बात रखते हुए देश के जनजातीय क्षेत्रों के समग्र विकास की आवश्यकता पर जोर दिया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि इस महत्वाकांक्षी अभियान की शुरुआत देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2 अक्टूबर 2024 को झारखंड के हजारीबाग से की गई थी।
उन्होंने बताया कि लगभग 79 हजार 156 करोड़ रुपये के परिव्यय वाले इस अभियान के तहत देश के 30 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के 549 जिलों के 63 हजार से अधिक जनजाति बहुल गांवों को शामिल किया गया है, जिससे करीब 5 करोड़ जनजातीय नागरिकों के समग्र विकास का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सांसद श्री गरासिया ने कहा कि 17 मंत्रालयों के समन्वित प्रयासों से 25 योजनाओं के माध्यम से सामाजिक अवसंरचना, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं आजीविका के क्षेत्र में सुधार का प्रयास सराहनीय है।
उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा 40 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के उद्घाटन एवं 25 नए विद्यालयों के शिलान्यास सहित “पीएम जन मन” योजना के अंतर्गत सड़कों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं छात्रावासों जैसी परियोजनाओं के शुभारंभ को जनजातीय विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया।
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
