डूंगरपुर हिरासत मौत मामला: मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने पुलिस का पक्ष रखा

खराड़ी ने कहा कि पुलिस को भय दिखाने के लिए कार्रवाई करनी चाहिए

 | 
babulal kharadi

उदयपुर 2 अक्टूबर 2025। संभाग के डूंगरपुर ज़िले में पुलिस हिरासत में युवक की मौत के मामले पर कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने पुलिस का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि समाज में पुलिस का भय होना चाहिए और पुलिस कभी किसी निर्दोष व्यक्ति को थाने नहीं लाती। पुलिस तभी कार्रवाई करती है जब शिकायत होती है। उन्होंने कहा कि डूंगरपुर मामले में अभी जांच रिपोर्ट आनी बाकी है, इसलिए यह कहना जल्दबाजी होगी कि युवक की मौत पुलिस की वजह से हुई।

पत्रकारों से बातचीत के दौरान खराड़ी ने भारतीय आदिवासी पार्टी के सांसद राजकुमार रोत पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों के खून में भड़काने की आदत होती है, लेकिन अब समाज सब जानता और समझता है। आंदोलन में वही लोग बैठे थे जिनका राजनीतिक स्वार्थ था, और परिवार को भी वहीं लेकर गए थे।

खराड़ी ने कहा कि पुलिस को भय दिखाने के लिए कार्रवाई करनी चाहिए, लेकिन हद से ज्यादा नहीं। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार की जो इच्छा थी, उसे पूरा कर दिया गया है, इसलिए अब मामला खत्म माना जाना चाहिए। मंत्री ने आरोप लगाया कि कुछ लोग बार-बार आदिवासी समाज का नाम लेकर लोगों को भड़काते हैं। अगर किसी अपराधी को समर्थन दिया जाएगा तो समाज भयमुक्त नहीं हो पाएगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News