डूंगरपुर की सुरता बनी फरिश्ता: डूबती कार से पूरे परिवार को बचाया

शाबाश सुरता; कार पुलिए में गिरी, आधी डूब गई, लोग देखते रहे, सुरता हिम्मत करके पानी में उतरी, पूरे परिवार को बचाया
 | 

डूंगरपुर 26 नवंबर 2025। ज़िले के छीटा गांव में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक कार पुल से फिसलकर नाले में गिर गई और आधी पानी में डूब गई। कार में सवार परिवार चीख-पुकार कर रहा था, लेकिन मौके पर मौजूद दर्जनों लोग पुल पर खड़े होकर सिर्फ देखते रहे। इसी बीच गांव की महिला सुरता ने अदम्य साहस दिखाते हुए अपनी जान की परवाह किए बिना पानी में छलांग लगा दी और कार में फंसे पूरे परिवार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार सुबह करीब 11 बजे संकरी पुलिया पार करते समय कार का बैलेंस बिगड़ गया और वह सीधे नाले में जा गिरी। कार डूबते ही परिवार के सदस्य मदद के लिए चिल्लाने लगे। भीड़ जमा हो गई, लेकिन कोई भी पानी में उतरने की हिम्मत नहीं कर पाया।

उधर, धतिनी तालै निवासी सुरता पास से गुजर रही थीं। घटना देखकर वह तुरंत नाले की तरफ दौड़ीं और हालात की गंभीरता समझते हुए बिना देर किए पानी में उतर गईं। लगातार संघर्ष करते हुए उन्होंने एक-एक कर कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला। इसी बीच 108 एम्बुलेंस पहुंची और घायलों को अस्पताल ले जाया गया।

घटना के बाद सुरता ने बताया, “पुल पर सब लोग खड़े होकर देख रहे थे। मुझे लगा तुरंत बचाना जरूरी है, देर होती तो जान को खतरा हो जाता। उसी समय मैं अकेली ही पानी में उतर गई। शुक्र है कि सबकी जान बच गई।”

सुरता के साहसिक कदम की पूरे क्षेत्र में सराहना की जा रही है। ग्रामीणों ने कहा कि सुरता ने जिस हिम्मत और तेजी से लोगों की जान बचाई, वह सच में प्रशंसनीय है और उन्हें सम्मानित किया जाना चाहिए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित किया।

#Dungarpur #RajasthanNews #ChhitaVillage #LocalNewsRajasthan #UdaipurRegion #HeroicRescue #BraveWoman #Surta #BreakingNews #RajasthanUpdates #DungarpurNews #EmergencyRescue