शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री ने किया भीलवाड़ा जिले के दौरा

 | 
Bhilwara News

 

Udaipur Times, Bhilwara News: शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर ने भीलवाड़ा दौरे पर कहा कि पेड़ मानव जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। पेड़ हमें करोड़ों रुपये मूल्य की ऑक्सीजन उपलब्ध कराने के साथ-साथ वर्षा के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करते हैं तथा भूजल पुनर्भरण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

दिलावर शनिवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे हरियालो राजस्थानएक पेड़ देश के नामअभियान के अंतर्गत राजकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय, तिलक नगर में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि पेड़ों से कुएं, नदी और बावड़ियों में जल के पुनर्भरण में मदद मिलती है। जब पानी होगा, तभी किसान खेती कर सकेंगे और अन्न का उत्पादन संभव होगा। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण के साथ उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।

दिलावर ने महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण किया तथा उपस्थित जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों एवं आमजन को वृक्षों के महत्व के बारे में जानकारी दी।

पंचवटी वृक्षारोपण कार्यक्रम में लिया भाग

इससे पूर्व, शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर ने महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, धानमंडी में आयोजित पंचवटी वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने विद्यालय परिसर में पंचवटी के पांच पौधों का विधिवत पौधारोपण किया तथा विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस दौरान उन्होंने विद्यालय की बालिकाओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई एवं अन्य गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली तथा उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं आमजन ने हरियालो राजस्थान-एक पेड़ देश के नामअभियान को सफल बनाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।

 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News