Udaipur Times, Event: उदयपुर के हिरण मगरी, सेक्टर-14 स्थित भोमियाजी बावजी परिसर में शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर इंद्रप्रस्थ-बी विकास समिति एवं युवा मंडल, इंद्रप्रस्थ-बी द्वारा एक शाम साँवरे के नाम’ भजन संध्या का आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ किया गया।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायक अनिल एवं आनंद ने अपने सुरमय भजनों की प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। भजन संध्या के दौरान श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर नजर आए और पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।
इस अवसर पर भोमियाजी बावजी का अलौकिक श्रृंगार किया गया तथा श्रद्धालुओं के बीच खीर के प्रसाद का वितरण किया गया। शरद पूर्णिमा के पावन पर्व पर आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने सपरिवार उपस्थित होकर धर्मलाभ लिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में इंद्रप्रस्थ-बी विकास समिति के अध्यक्ष ललित जैन एवं सचिव प्रेमचंद पुरबिया सहित समिति के सभी पदाधिकारियों का विशेष मार्गदर्शन, सहयोग एवं सक्रिय योगदान रहा। साथ ही इंद्रप्रस्थ-बी के सभी युवा साथियों एवं वरिष्ठजनों का भी महत्वपूर्ण सहयोग एवं आशीर्वाद प्राप्त हुआ।