गोगुंदा में बुजुर्ग को समाज से बहिष्कृत करने का आरोप, 5लाख रुपए जुर्माने का फरमान
पारिवारिक संपत्ति विवाद में सामाजिक बैठक बुलाकर फैसला सुनाने का आरोप, पीड़ित ने कोर्ट में पेश किया परिवाद
Udaipur Times, Udaipur News: उदयपुर जिले की गोगुंदा तहसील के मजावड़ी गांव निवासी 68 वर्षीय बुजुर्ग ने प्रजापति समाज के कुछ लोगों पर षड्यंत्रपूर्वक समाज से बहिष्कृत करने और 5 लाख रुपए जुर्माना लगाने का आरोप लगाया है।
पीड़ित का आरोप है कि जुर्माने की राशि नहीं देने पर उसे सामाजिक कार्यक्रमों से दूर रखने और परिवार के साथ सामाजिक संबंध खत्म करने का फरमान जारी किया गया। मामले में पुलिस से कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित ने एसीजेएम कोर्ट गोगुंदा में परिवाद पेश कर पुलिस थाना गोगुंदा को मामला दर्ज करने के निर्देश देने की मांग की है।
परिवाद के अनुसार, मीठालाल प्रजापत निवासी मजावड़ी मूल रूप से गांव के रहने वाले हैं और व्यवसाय के सिलसिले में अहमदाबाद में रहते हैं। उनके परिवार और भाइयों के बीच संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के निपटारे के लिए रामलाल सहित कुछ लोगों ने प्रजापति समाज चोखला गोगुंदा के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर राजीनामा करवाया।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि पूर्व में आयोजित बैठकों में 51 हजार रुपए और 1 लाख 45 हजार 900 रुपए वसूले गए, लेकिन इसकी कोई रसीद नहीं दी गई। साथ ही राजीनामा नहीं मानने पर समाज से बहिष्कृत करने और 5 लाख रुपए जुर्माना लगाने की धमकी दी गई।
परिवाद में बताया कि 3 अक्टूबर को फोन के जरिए 4 अक्टूबर को बैठक आयोजित होने की सूचना दी गई। पीड़ित ने अहमदाबाद में होने के कारण बैठक में शामिल नहीं हो पाने की बात कही और उचित समय पर बैठक आयोजित करने का आग्रह किया। इसके बावजूद बैठक आयोजित कर उसकी अनुपस्थिति में समाज से बहिष्कृत करने का निर्णय लिया गया।
आरोप है कि बैठक में पीड़ित के पक्ष को सुने बिना सामाजिक बहिष्कार का फरमान जारी किया गया। निर्णय के अनुसार कोई भी व्यक्ति पीड़ित और उसके परिवार को निजी या सामाजिक कार्यक्रमों में नहीं बुलाएगा और न ही उनके कार्यक्रमों में शामिल होगा। समाज में वापस शामिल होने के लिए 5 लाख रुपए जुर्माना देने की शर्त रखी गई।
पीड़ित का आरोप है कि इस फैसले के कारण उसे और उसके परिवार को मानसिक आघात झेलना पड़ रहा है। सामाजिक बहिष्कार के जरिए अवैध रूप से धन वसूली और ब्लैकमेलिंग की जा रही है। उसने बैठक के रजिस्टर को जब्त कर जांच करने की मांग भी की है।
परिवादी ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 308, 61(1), 111, 189(1) और 356 के तहत कार्रवाई की मांग की है। पूर्व में गोगुंदा थाना और पुलिस अधीक्षक उदयपुर को शिकायत देने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर कोर्ट में परिवाद पेश किया गया। परिवाद में धारा 175(3) के तहत पुलिस थाना गोगुंदा को मामला दर्ज कर जांच करने के आदेश देने का आग्रह किया गया है।