शिक्षक भर्ती परीक्षा के चलते भीड़भाड़ में बुजुर्ग की बस में दम घुटने से मौत

घटना सोमवार देर शाम उदयपुर से सुमेरपुर जा रही सिरोही डिपो की रोडवेज बस में हुई

 | 
death in bus

उदयपुर 20 जनवरी 2026। ज़िले के गोगुंदा थाना क्षेत्र में चलती रोडवेज बस में अधिक भीड़ के कारण एक वृद्ध यात्री की दम घुटने से मौत हो गई। शिक्षक भर्ती परीक्षा के चलते बस में अभ्यर्थियों की भारी भीड़ थी, जिससे अधिकांश यात्री खड़े होकर यात्रा करने को मजबूर थे।

घटना सोमवार देर शाम उदयपुर से सुमेरपुर जा रही सिरोही डिपो की रोडवेज बस में हुई। सुमेरपुर निवासी शंकरलाल मेघवाल (65) की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वे बस में ही गिर पड़े। हालत गंभीर होने पर बस को रुकवाया गया और उन्हें उदयपुर-गोगुंदा हाईवे स्थित निजी शिवम हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना पर गोगुंदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को गोगुंदा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस के अनुसार मृतक शंकरलाल मेघवाल अपनी बेटी और दामाद गणेशाराम मेघवाल के साथ उदयपुर से सुमेरपुर जा रहे थे।

मृतक के दामाद गणेशाराम मेघवाल ने बताया कि शिक्षक भर्ती परीक्षा के कारण बस में अत्यधिक भीड़ थी, जिससे तीनों को बैठने की जगह नहीं मिली। इसी दौरान शंकरलाल की अचानक तबीयत बिगड़ गई, उनका दम घुटने लगा और वे बेहोश होकर गिर पड़े। उनकी हालत देखकर बस रुकवाई गई और पास के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।