कर्मचारी महासंघ ने लंबित मांगों को लेकर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

वेतन विसंगति, पदोन्नति, भत्तों और आरजीएचएस सहित कई मुद्दों पर शीघ्र निर्णय की मांग

 | 
Rajasthan State Employees Federation members submitting memorandum to Udaipur District Collector over pending demands

उदयपुर 17 फरवरी 2026 - राजस्थान राज्य कर्मचारी महासंघ (जिला शाखा उदयपुर) ने कर्मचारियों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। महासंघ ने वेतन विसंगतियों के निराकरण, पदोन्नति, भत्तों और अन्य सेवा संबंधी मुद्दों पर शीघ्र निर्णय की मांग की है।

ज्ञापन में कर्मचारियों की वेतन विसंगतियों को दूर करने, मानदेय कर्मियों के मानदेय में वृद्धि, मंत्रालयिक कर्मचारियों को सचिवालय के समान ग्रेड पे का लाभ देने तथा 8, 16, 24 और 32 वर्ष की सेवा पर समयबद्ध पदोन्नति देने की मांग उठाई गई है। इसके अलावा विभिन्न संवर्गों में पदोन्नति के समान अवसर सुनिश्चित करने और वेतन असमानता खत्म करने पर जोर दिया गया।

राजस्थान राज्य कर्मचारी महासंघ के अरविन्द सिंह राव ने बताया की महासंघ ने आरजीएचएस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, सेवानिवृत्त कर्मचारियों को समय पर पेंशन व अन्य देयकों का भुगतान, तकनीकी शिक्षा विभाग में रिक्त पदों पर भर्ती तथा पुरानी इमारतों के नवीनीकरण जैसी मांगें भी रखीं। साथ ही वर्ष 2023-24 की बजट घोषणाओं को लागू करने, ओपीएस का लाभ देने और संविदा कर्मियों को नियमित कर्मचारियों के समान वेतन-भत्ते प्रदान करने की मांग की गई।

ज्ञापन में विभागों में कैंटीन सुविधा शुरू करने और कर्मचारी कल्याण बोर्ड के गठन का भी प्रस्ताव रखा गया है।

महासंघ ने चेतावनी दी कि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन की रूपरेखा तय की जाएगी।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News