बांसवाड़ा में 3000 रिक्तियों के लिए रोजगार सहायता शिविर

बांसवाड़ा ज़िले से संबंधित खबरे पढ़े Udaipur Times पर 

 | 
banswara

News-3000 रिक्तियों के लिए रोजगार सहायता शिविर 

बांसवाड़ा 16 अक्टूबर। ज़िला रोजगार कार्यालय, मॉडल कॅरियर सेंटर बांसवाडा द्वारा 16 अक्टूबर 2025 गुरूवार को प्रातः 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक एक दिवसीय रोजगार सहायता शिविर का आयोजन नूतन स्कुल ग्राउंड बांसवाडा में किया जा रहा है। जिला रोजगार अधिकारी के.आर. मेघवाल ने बुधवार को शिविर की तैयारियों का जायजा लिया और कार्मिकों को शिविर के सफल आयोजन हेतु दिशा निर्देश प्रदान किए। 

आयुक्त, कौशल नियोजन उद्यमिता विभाग जयपुर के आदेशों की पालना में  इस रोजगार सहायता शिविर में गुजरात, मध्यप्रदेश एवं क्षेत्रीय 24 से अधिक नियोक्ता कम्पनियों द्वारा इंटरव्यु के माध्यम से विभिन्न सेक्टर यथा ऑटोमोबाईल, टैक्सटाईल,हेल्थकेयर, फाइनेंस, लॉजिस्टिक.सिक्युरिटी.हॉस्पिटैलिटी.रिटैल एवं सोलर इत्यादि के विभिन्न 3000 से अधिक पदों पर भर्ती करेंगे जिसके लिए शैक्षणिक येाग्यता 8वीं, 10वीं, 12वीं, स्नातक और आई.टी.आई. ट्रेड यथा इलेक्ट्रीशियन, इलेक्ट्रीकल, फिटर, इलेक्ट्रोनिक्स है, इसमें विभिन्न पदों पर वेतनमान लगभग 10000 से 40000 तक रहेगा साथ ही विभिन्न प्रकार की अतिरिक्त सुविधाएं भी कम्पनियों द्वारा दी जावेगी। चयनित आशार्थियों के कार्य करने का स्थल बांसवाडा राजस्थान, मध्यप्रदेश, अहमदाबाद गुजरात रहेगा। इस शिविर में भाग लेने के लिए बायोडाटा या अपने दस्तावेजों के साथ आधार कार्ड या अन्य कोई पहचान पत्र जिसमें फोटों लगा हो एवं 2 पासपोर्ट साईज फोटो लाना अविनार्य है। इस शिविर में भाग लेने के लिए विभाग द्वारा किसी प्रकार का यात्रा भत्ता नहीं दिया जावेगा।

News-दीपावली पर्व पर संभावित आगजनी की घटनाओं के दृष्टिगत अग्निशमन वाहनों की व्यवस्था करने के निर्देश 

बांसवाड़ा 16 अक्टूबर। ज़िला मजिस्ट्रेट डॉ. इन्द्रजीत यादव ने नगर परिषद आयुक्त एवं नगरपालिका कुशलगढ़/परतापुर के अधिशासी अधिकारी को 18 अक्टूबर को धनतेरस एवं 20 को दीपावली के अवसर पर संभावित आगजनी की घटनाओं को दृष्टिगत रखते हुए जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में अग्निशमन वाहन एवं स्टाफ की आवश्यकतानुसार तैनातगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, साथ ही जिला नियंत्रण कक्ष द्वारा सूचना मिलने पर उक्त अग्निशमन वाहनों को घटनास्थल पर भिजवाने तथा अन्य समस्त आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया है

News- दीपावली पर्व पर मिलावट करने वालों के विरूद्ध कार्यवाही के निर्देश 

बांसवाड़ा, 16 अक्टूबर। जिला मजिस्ट्रेट डॉ. इन्द्रजीत यादव ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दीपावली पर्व पर मिलावट करने वालों के विरूद्ध कार्यवाही अमल में लाने के निर्देश दिये हैं।

उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया है कि वे मिलावट करने वालों के विरूद्ध कार्यवाही हेतु अपने अधीनस्थ खाद्य निरीक्षक को निर्देशित करें कि वे बाजार में बिकने वाली सभी मिठाइयों, ड्राई फुड्स एवं अन्य खाद्य सामग्री की पूर्ण गहनता के साथ जांच करें एवं मिलावटियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत प्रभावी कार्यवाही किया जाना सुनिश्चित कराएं। साथ ही यह भी सुनिश्चित कराएं कि जिले के समस्त चिकित्सा वाहनों को आवश्यक उपकरणों व स्टाफ सहित तैनात रखे ताकि आवश्यकता अनुसार उनको रवाना किया जा सके तथा जिले के समस्त राजकीय चिकित्सालय, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों को खुला रखा जाए।

News- जिला स्तरीय जनसुनवाई स्थगित

बांसवाड़ा। संयुक्त शासन सचिव, जन अभियोग निराकरण विभाग, राजस्थान जयपुर के निर्देशानुसार 17 सितम्बर से राज्य के समस्त जिलों में ’’ग्रामीण सेवा शिविर’’ एवं ’’शहरी सेवा शिविर’’ के सफल आयोजन हेतु अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधिगण की व्यस्तता को दृष्टिगत रखते हुए 16 अक्टूबर (तृतीय गुरूवार) को आयोजित होने वाली जिला स्तरीय जनसुनवाई को स्थगित कर दिया गया हे।यह जानकारी अतिरिक्त जिला कलक्टर ने दी।

News-जल वितरण तथा उपयोगिता समिति की बैठक स्थगित 

बांसवाड़ा 16 अक्टूबर। माही बजाज सागर वृहद सिंचाई परियोजना की जल वितरण तथा उपयोगिता समिति की 16 अक्टूबर को टीएडी सभागार में आयोजित होने वाली बैठक अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दी गई है।

सदस्य सचिव एवं अधीक्षण अभियंता निर्माण वृत माही परियोजना आर.सी. मीणा ने बताया कि अब यह बैठक 28 अक्टूबर को अपरान्ह 3 बजे जिला कलेक्ट्रेट परिसर स्थित टीएडी सभागार में आयोजित की जाएगी। उन्होंने समस्त संबंधित सदस्यगणों को जल वितरण तथा उपयोगिता व्यवस्था संबंधी महत्वपूर्ण निर्णयों में भागीदारी हेतु निर्धारित समय पर बैठक में उपस्थित होने को कहा है।