PF विभाग का ‘‘निधि आपके निकट शिविर’ 29 सितंबर को
भविष्य निधि अधिनियम एवं पेंशन प्रावधानों में हुऐ नवीन बदलावों की जानकारी दी जायेगी
उदयपुर 28 सितंबर 2025। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के मुख्य कार्यालय, नई दिल्ली द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के तहत देश भर के सभी क्षेत्रीय कार्यालयों के अधीनस्थ आने वाले सभी जिलों एवं तहसील मुख्यालय स्तर पर निधि आपके निकट शिविर का आयोजन किया जायेगा, जिसमें श्रमिकों, कामगारों, पेंशनरों एवं नियोजकों को भविष्य निधि अधिनियम एवं पेंशन प्रावधानों में हुऐ नवीन बदलावों की जानकारी दी जायेगी।
क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-।, उदयपुर प्रशान्त कुमार सिन्हा ने बताया कि उदयपुर में यह शिविर 29 सितम्बर को मेसर्स पॉयरोटेक वर्कस्पेस सॉल्यूशंस रीको औद्योगिक क्षेत्र कलड़वास में लगाया जायेगा। उक्त शिविर में भविष्य निधि विभाग की ओर से संजय दुग्गड़ एवं धीरज सिंह जनसुनवाई करेंगे।
सिन्हा ने बताया कि निधि आपके निकट शिविर के माध्यम से पेंशनरों के जीवन प्रमाण अपडेट करने, भविष्य निधि अंशदाताओं, सदस्यों के भविष्य निधि एवं यूएएन से जुडी समस्याओं का समाधान किया जायेगा।
शिविर में प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के सम्बन्ध में कार्मिकों एवं नियोक्ताओं को विशेष रूप से जानकारी उपलब्ध कराई जायेगी। शिविर में ऑचलिक पर्यवेक्षक के रूप में सुरेन्द्र कुमार मीणा, क्षेत्रीय आयुक्त-।।, (क्षेत्रीय कार्यालय, जोधपुर) भी उपस्थित रहेंगे। उल्लेखनीय है कि भारत सरकार द्वारा 1 अगस्त 2025 से आरंभ की गई प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना से लाभान्वित होनेवाले नवीन कर्मचारियों को वर्ष में 15 हजार अनुदान राशि एवं नियोक्ताओं को प्रत्येक नये कर्मचारी को काम पर रखने पर 1 से 3 हज़ार की राशि अनुदान के रूप में सीधे खातों में ट्रांसफर होगी।
शिविर का मुख्य उद्धेश्य क्षेत्र के जन-प्रतिनिधियों, यूनियन प्रतिनिधियों, संस्थानों के प्रतिनिधियों, श्रमिकों,कामगारों के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें त्वरित एवं बेहतरीन सामाजिक सुरक्षा अधिनियम के प्रावधानों से रूबरू करवाना है। साथ ही उन्हें ऑनलाईन सुविधाओं में आ रही दिक्कतों एवं परेशानियों का मौके पर सुनवाई कर निदान करना शामिल है।
